Bareilly News: राज्यपक्षी के लिगामेंट में निकली चोट, लंबा खिंच सकता है इलाज
बरेली। राज्यपक्षी सारस के लिगामेंट और पैरों में चोट पाई गई है। इसी कारण वह उड़ नहीं पा रहा था। आईवीआरआई में सोमवार को सारस का इलाज शुरू हो गया। डॉ. अमर पाल सिंह का कहना है कि सारस का इलाज लंबा खिंच सकता है। यह पक्षी रविवार को बदायूं रोड स्थित महेशपुरा में तालाब के पास घायल अवस्था में मिला था।
स्थानीय लोगों की सूचना पर पीपुल फॉर एनिमल के रेस्क्यू प्रभारी धीरज पाठक ने सारस को वहां से उठाकर चौबारी स्थित शेल्टर होम पहुंचाया था। सोमवार को वन विभाग की टीम के साथ वह सारस को लेकर आईवीआरआई पहुंचे। यहां सर्जरी विभाग में सारस की जांच और एक्स-रे के बाद पता चला कि उसके लिगामेंट और पैरों में चोट है।
दो माह पहले जंक्शन के प्लेटफाॅर्म नंबर दो पर घायल मिले सारस को भी इलाज के लिए आईवीआरआई में भर्ती कराया गया था। स्थिति ज्यादा गंभीर होने के कारण उसे बचाया नहीं जा सका था। बरेली में सारस की संख्या लगातार कम हो रही है।
क्या है लिगामेंट
आईवीआरआई के पॉलीक्लीनिक प्रभारी डॉ. अमर पाल सिंह ने बताया कि सभी जीव-जंतुओं में रस्सीनुमा तंतुओं के समूह को लिगामेंट कहा जाता है। यह तंतु हड्डियों को आपस में जोड़कर स्थायित्व प्रदान करते हैं। इनमें चोट के कारण शरीर के जोड़ों में तकलीफ होती है। लिगामेंट में चोट को बैंडेज, प्लास्टर, दवाओं से ठीक किया जाता है। लिगामेंट पूरी तरह टूटने पर सर्जरी की जरूरत होती है।



