Pilibhit News: नोमैंस क्षेत्र से हटवाया अतिक्रमण
– विरोध करने पर कुछ नेपाली नागरिकों को दस दिन का समय दे गई एपीएफ
संवाद न्यूज एजेंसी
पीलीभीत। भारत-नेपाल सीमा के नोमैंस लैंड क्षेत्र में हुए अतिक्रमण को खाली कराने को लेकर नेपाल की एपीएफ और एसएसबी गंभीर हुए हैं। तीन दिन पूर्व नेपाल की एपीएफ के अनुरोध के बाद एसएसबी ने संयुक्त रूप से सीमा पिलर संख्या 17 से 19 तक अभियान चलाकर दोनों सीमाओं के दस फुट दायरे से अतिक्रमण को खाली कराया। कुछ नेपाली नागरिकों ने अतिक्रमण खाली नहीं किया। इसपर एपीएफ ने दस दिन का समय दिया है।
जनपद की सीमा नेपाल की सीमा से मिली हुई है। सीमा की सुरक्षा के लिहाज से दोनों सीमाओं के बीच में नोमैंसलैंड का क्षेत्र छोड़ा जाता है। कलीनगर तहसील क्षेत्र के अंतर्गत भारत-नेपाल सीमा पर नोमैंसलैंड पर वर्षों से कब्जे हैं। अधिकांश दायरे में कब्जा कर कृषि फसलों को लगाया जा रहा है। कुछ इलाके में घर भी बनाए गए हैं।
कब्जा हटाने को लेकर पूर्व में कई बार प्रयास हुए, लेकिन सफलता नहीं मिली। कब्जे के चलते कई बार विवाद भी होते रहे हैं। चार दिन पूर्व अतिक्रमण को लेकर नेपाल के अतिक्रमणकारियों की नेपाल की एपीएफ फोर्स से नोकझोंक भी हुई। इसके बाद एपीएफ गंभीर हुए। नोमैंस लैंड के अतिक्रमण को हटाने के लिए एसएसबी से संपर्क किया गया।
तीन दिन पूर्व नेपाल की एपीएफ और एसएसबी ने सीमा पिलर संख्या 17 से 19 तक दोनों सीमा क्षेत्र से दस-दस फुट दायरे से अतिक्रमण को खाली कराया। इस दायरे में अधिकांश जगह नोमैंस लैंड की जमीन पर खेती हो रही थी। कुछ स्थानों पर घर भी बने थे। कुछ नेपाल के नागरिकों ने कार्रवाई का विरोध किया। इसपर नेपाल की एपीएफ ने दस दिन में अतिक्रमण खाली करने का समय दिया।



