Pilibhit News: मानसून सिर पर.. अब हो रही नाला सफाई की तैयारी

नगर पालिका बोर्ड बैठक में विरोध जताती सभासद पुष्पा उपाध्याय। संवाद
नगर पालिका बोर्ड की पहली बैठक में पालिकाध्यक्ष ने बनाई कार्ययोजना, सामने आया सूची में फर्जीवाड़ा
बैठक की सूचना नहीं मिलने पर सभासदों ने किया हंगामा
संवाद न्यूज एजेंसी
पीलीभीत। मानसून आने वाला है और नगर पालिका अब शहर के नालों की सफाई की तैयारी शुरू कर रही है। बोर्ड की पहली बैठक में पालिकाध्यक्ष ने सफाई की कार्ययोजना बतानी शुरू की तो पता चला कि शहर के नालों की सूची में ही फर्जीवाड़ा किया गया है। जो नाला अस्तित्व में नहीं है, उसे सफाई कराए जाने वाले नालों की सूची में शामिल किया गया है। इस पर हंगामा होता, इससे पहले पालिकाध्यक्ष ने सूची के संशोधन की बात कहते हुए हालात संभाले। अलबत्ता, सभासदों ने हंगामा तो किया लेकिन किसी प्रस्ताव या मुद्दे पर नहीं बल्कि बैठक की सूचना नहीं दिए जाने पर।
सोमवार को पालिकाध्यक्ष आस्था अग्रवाल की अध्यक्षता और प्रभारी ईओ/ एसडीएम सदर देवेन्द्र सिंह की मौजूदगी में पहली बैठक हुई। पालिकाध्यक्ष ने शहर को बारिश के दौरान जलभराव की समस्या से निजात दिलाने के लिए प्राथमिकता के आधार पर पहले छोटे नालों की सफाई कराने की बात कही। इस बारे में उन्होंने अपनी योजना को बताया। अभी बात चल ही रही थी कि वार्ड नंबर 26 से सभासद पुष्पा उपाध्याय पहुुंच गईं। उन्होंने बैठक की सूचना न देने का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया।
बोलीं- लग रहा है कि हम सभासद नहीं है, इसलिए कोई सूचना नहीं दी गई। यह सुनकर अन्य सभासदों ने भी सोशल मीडिया से ही इस संबंध में जानकारी होने की बात कही। इसपर संबंधित कर्मी की भूमिका पर सवाल उठाए गए। इस बात को लेकर पालिकाध्यक्ष और महिला सभासद में नोकझोंक भी हुई। प्रभारी ईओ के आश्वासन के बाद मामला शांत हो सका।
बैठक में पालिकाध्यक्ष डॉ. आस्था अग्रवाल ने कहा कि सभासदों की मांग के अनुसार उनके वार्ड में कार्य करवाया जाएगा। उनकी प्राथमिकता बरसात में होने वाली समस्या का समाधान कराना है। उन्होंने बताया कि साफ सफाई के लिए रेस्क्यू टीम को बनाया गया है। सभासदों की सूचना पर टीम मौके पर जाएगी। यदि कोई नहीं जाता तो सूचना दी जाए।
इसके अलावा प्रकाश व्यवस्था, जलापूर्ति पर भी चर्चा की गई। खराब हुई सड़कों के मामले में पालिकाध्यक्ष ने कहा कि पूरी पाइप लाइन बिछने के बाद कार्यदायी संस्था से काम करवाया जाएगा। बिना कार्य के भुगतान नहीं होगा।
00
मौके पर नाला नहीं, सूची में कर दिया शामिल
बारिश को लेकर छोटे नालों की सूची पड़ी गई तो इसमें भी फर्जीवाड़ा सामने आ गया। सभासद शुभम ने आपत्ति जताते हुए कहा कि जब मौके पर नाला ही नहीं है तो सफाई कहां होगी। यह सुनकर सभी दंग रह गए। इसपर पालिका की टीम अपनी सफाई देती दिखाई दी। पालिकाध्यक्ष ने संशोधन कराने और भूल होने की बात कहकर मामला टाला।
00
सभासदों के साथ मौजूद रहे उनके प्रतिनिधि
पालिका बोर्ड की पहली बैठक में अव्यवस्थाएं हावी रहीं। आरोपों को लेकर जहां हंगामा होता रहा तो वहीं बैठक में महिला सभासदों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे। जो बैठक की पूरी कार्रवाई के दौरान बैठे रहे।
00
कुछ सभासद ही बोल सके अपनी बात
पालिका की पहली बैठक में हंगामे के कारण माहौल ऐसा रहा कि कौन क्या कह रहा है, कुछ समझ में नहीं आ सका। पालिकाध्यक्ष और प्रभारी ईओ अपनी बात को कहते रहे। वहीं कुछ सभासद भी बार-बार अपनी बातों को दोहराते दिखे। बैठक करीब सवा घंटे चली। इसमें आधे से ज्यादा समय हंगामे में चला गया।
चुनाव के दौरान पालिकाध्यक्ष की यह थीं प्राथमिकताएं
– बरसात से पहले नाले साफ कराना
– शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराना
– स्ट्रीट लाइटें लगवाना
– शहर की सड़कों पर साफ सफाई
– शहर की टूूटी पड़ी सड़कों की मरम्मत

नगर पालिका बोर्ड बैठक में विरोध जताती सभासद पुष्पा उपाध्याय। संवाद