रामपुर

Rampur News: घर में घुसकर फायरिंग कर जानलेवा हमले में पांच के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज

Connect News 24

बिलासपुर। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम अफसरनगर डोहरिया में शुक्रवार की शाम रास्ते से निकलने के विवाद को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। आरोप है कि एक पक्ष के पांच लोगों ने दूसरे पक्ष के घर में घुसकर लाठी-डंडे व धारदार हथियारों से जानलेवा हमला कर दिया तथा फायर भी किए। पुलिस ने चार लोगों को नामजद करते हुए पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।

ग्राम अफसरनगर डोहरिया निवासी छत्रपाल पुत्र होरीलाल ने दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा है कि शुक्रवार की शाम करीब 5:00 बजे रास्ते से निकलने को लेकर उसका गांव के ही शंभू पुत्र दर्शन से विवाद हो गया था। जिसकी सूचना देने वह थाने आया था। इस बीच गांव के चौकीदार नरेश ने फोन कर उसे बताया कि उसके घर पर शंभू व नीटा पुत्र दर्शन, दर्शन पुत्र तरसेम, संदीप पुत्र जितेंद्र व एक अज्ञात निवासी ग्राम अफसरनगर डोहरिया उसके घर में जान से मारने की नियत से फायर कर रहे हैं। लाठी-डंडों से मारपीट करके उसकी मां कृष्णा देवी पत्नी होरीलाल, भतीजा रवि पुत्र रामअवतार, भतीजी राखी पुत्री रामअवतार को घायल कर दिया है। सूचना पर वे लोग भी मौके पर पहुंच गए और पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी फरार हो गए। पुलिस क्षेत्राधिकारी रवि खोकर भी रात में ही अपने मातहतों के साथ गांव पहुंचे और मामले की जांच की। पुलिस ने छत्रपाल की ओर से चार लोगों के नामजद व एक अज्ञात के खिलाफ धारा 147, 148, 149, 452, 307, 506, एससी एसटी एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज की है। कार्यवाहक कोतवाली प्रभारी अमर सेन ने बताया कि घटना की पांच लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपी अपने घर से फरार हैं, जिन्हें शीघ्र ही गिरफ्तार करने की बात पुलिस ने कही है।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button