Budaun News: सिरतौल वॉरियर्स ने 36 रनों से जीता मैच

सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी रामकिशन और अजीम को मैन ऑफ द मैच देते हुए आयोजक। संवाद
बिल्सी। क्षेत्र के गांव सिरतौल में चल रहे क्रिकेट टूर्नामेंट में पहले मैच में सिरतौल वॉरियर्स और दूसरे मैच में सिरतौल ज्वाइंट्स ने जीत हासिल की।
शनिवार को सिरतौल वॉरियर्स और सिरतौल ज्वाइंट्स के बीच पहला मैच खेला गया। इसमें वॉरियर्स के कप्तान पुनीत उपाध्याय ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। टीम ने निर्धारित 10 ओवरों में दो विकेट खोकर 120 रनों का स्कोर बनाया। ज्वाइंट्स की ओर से अजीम खान ने एक विकेट लिया।
121 रनों का लक्ष्य लेकर मैदान पर उतरी ज्वाइंट्स की टीम 84 रनों पर ढेर हो गई। वॉरियर्स की ओर से हिमांशु शर्मा, प्रद्युमन पुरी और रामकिशन ने एक-एक विकेट लिया। रामकिशन को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
दूसरा मैच ज्वाइंट्स और किंग्स इलेवन के बीच हुआ। इसमें ज्वाइंट्स के कप्तान भुवनेश उपाध्याय ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। टीम ने तीन विकेट खोकर 89 रनों का स्कोर बनाया। किंग्स इलेवन की ओर से दुष्यंत और विशाल ने एक-एक विकेट लिया। 90 रनों के लक्ष्य लेकर उतरी किंग्स इलेवन की टीम 10 ओवर में 89 रन का स्कोर बना सकी। ज्वाइंट्स की ओर से अजीम ने चार और अमित ने एक विकेट लिया। इसके बाद हुए सुपर ओवर में ज्वाइंट्स की टीम ने जीत हासिल की। अजीम को मैन ऑफ द मैच चुना गया। यहां आयोजक बिजेंद्र सिंह, पप्पू गौरी, मोहित सिंह, राहुल गुप्ता, आशीष पाठक, सर्वेश उपाध्याय, पवन उपाध्याय आदि मौजूद रहे।


