Budaun News: नगर पालिका अध्यक्ष ने समस्याओं के निपटारे के लिए गठित कीं कमेटियां

मृतक के परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान करतीं पालिकाध्यक्ष फात्मा रजा। संवाद
बदायूं। नगर पालिका अध्यक्ष फात्मा रजा ने जनसमस्याओं को देखते हुए उनके समाधान को कमेटियां गठित की हैं। उन्होंने सफाई व्यवस्था के लिए हारून गौस, आशीष कश्यप, ममता, कनीज फात्मा, अरविंद राठौर, अतुल रस्तोगी और वाहिद अली आदि वार्ड सदस्यों को जिम्मेदारी सौंपी है। सभी वार्ड सदस्य अधिशासी अधिकारी, सफाई निरीक्षक केशव गंगवार और राजीव मलिक के साथ समन्वय स्थापित करते हुए सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराएंगे।
पेयजल व्यवस्था के लिए नईम खान, अख्तरी, रेशम देवी, किशोर, मनोज, जया, नाजरीन आदि वार्ड सदस्यों को नामित किया गया है। यह वार्ड सदस्य अधिशासी अधिकारी, जलकल अभियंता के संपर्क में रहेंगे। तो वहीं नगर की प्रकाश व्यवस्था के लिए फिरोज खां, गुलशन बी, भाग देवी, भूदेवी, प्रेमलता सिंह, शाजमा को जिम्मेदारी सौंपी है। ये वार्ड सदस्य अधिशासी अधिकारी, प्रकाश अधीक्षक के साथ मिलकर प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त कराएंगे। जल भराव के लिए गिरीश शुक्ला, अनवर खान, राजीव नारायण रायजादा, मुकेश साहू, जीनत बी, रवि, लियाकत अली, मोहम्मद अनवर, मोहित सक्सेना आदि को शामिल करते हुए कमेटी बनाई है। यह टीम केशव गंगवार और सफाई निरीक्षक राजीव मलिक के संपर्क में रहेगी और जलभराव से मुक्ति दिलाएगी। नगर पालिका अध्यक्ष फात्मा रजा ने कहा कि सभी वार्ड सदस्य अपनी-अपनी जिम्मेदारियों को निभाएं और शहर की कमियों को दुरुस्त कराएं।



