Pilibhit News: पूरनपुर के पांच वार्डों में दो दिन से ठप है पेयजल आपूर्ति
हैंडपंप बने सहारा, लोगों में आक्रोश
संवाद न्यूज एजेंसी
पूरनपुर। लीकेज से नगर के लाइनपार में नगर पालिका के पांच वार्डों की पेयजल आपूर्ति दो दिनों से ठप है। भीषण गर्मी में पानी की आपूर्ति न होने से लोगों को परेशानी हो रही है। इससे उनमें आक्रोश है।
लाइनपार में नगर पालिका के पांच वार्ड है। इलाके में नगर पालिका की ओर से पेयजल सप्लाई को जिला पंचायत के डाक बंगला परिसर में टंकी बनी है। इससे नगर पालिका के पांच वार्डों के अलावा देहात क्षेत्र के कुछ हिस्से में पानी की सप्लाई होती है। क्षेत्र में दो दिन से पेयजल की आपूर्ति नहीं हो रही है। भीषण गर्मी में पानी की आपूर्ति ठप होने से लोगों को असुविधा हो रही है।
अधिकांश लोगों को शुद्ध पानी हैंडपंपों से पानी भरना पड़ रहा है। अन्य उपयोग को पानी न मिलने से लोग परेशान है। नगर पालिका ईओ कृष्ण कुमार सोनकर ने बताया कि देवीस्थान मंदिर के समीप पाइप लीकेज से पानी की सप्लाई नहीं हो पा रही है। खराबी को सही करने में कर्मचारी काम कर रहे है। दो दिन में पानी की सप्लाई मिल जाएगी।