Bareilly News: बोर्ड बैठक में निर्वाचित सदस्यों की जगह पहुंचे पति
देवरनियां। आरक्षण के चलते सदस्य पद पर चुनाव तो महिलाओं ने जीत लिया मगर उनके परिवार के पुरुष सदस्यों से कुर्सी का मोह नहीं छूट रहा है। इसकी बानगी बुधवार को नगर पंचायत की बोर्ड बैठक में देखने को मिली। बोर्ड बैठक में निर्वाचित सदस्यों की जगह उनके पति और परिवार के अन्य पुरुष सदस्य बैठे नजर आए। यहीं नहीं करीब ढाई करोड़ के बजट से होने वाले विकास कार्यों के प्रस्तावों को भी मंजूरी दे दी गई।
तीन जून को हुई नगर पंचायत की पहली बोर्ड बैठक में पुरुष सदस्यों के आने को लेकर हंगामा भी हुआ था। चेयरमैन ने निर्वाचित सदस्यों को ही बैठक में बैठने को कहा। इससे गुस्साए कई सदस्यों ने बोर्ड बैठक का बहिष्कार कर दिया। इसके बाद बुधवार को बैठक बुलाई गई। बैठक में कई निर्वाचित सदस्यों की जगह उनके परिवार के पुरुष सदस्य नजर आए।
बोर्ड बैठक के फोटो लेने के लिए पहुंचे मीडियाकर्मियों को अंदर ही नहीं जाने दिया गया। कुछ मीडियाकर्मियों ने जब फोटो लेने का प्रयास किया तो नगर पंचायत के एक कर्मचारी ने उन्हें बाहर ही रोक दिया। यह कर्मचारी बीते दिनों पत्रावलियां गायब करने के मामले में सस्पेंड किया गया था। बोर्ड बैठक में कस्बे के विकास से जुड़े कई कार्यों को मंजूरी दी गई।
वर्जन:
बोर्ड बैठक के सिर्फ निर्वाचित सदस्यों को ही बैठने का आदेश है। कुछ सदस्यों के परिवार के पुरुष सदस्य जबरन बैठक में आ गए थे। बाद में वह लोग खुद ही चले गए। सभी सदस्यों को बैठक में उपस्थित रहने को कहा गया है। – मो. कलीम अंसारी, चेयरमैन
पौने तीन करोड़ के प्रस्ताव को मिली मंजूरी
फतेहगंज पूर्वी। नगर पंचायत अध्यक्ष संजय पाठक की अध्यक्षता में बुधवार को नगर पंचायत की पहली बोर्ड बैठक हुई। बैठक में साफ-सफाई, नाला निर्माण, पेयजल व्यवस्था, सार्वजनिक शौचालय आदि कार्यों के लिए करीब पौने तीन करोड़ के प्रस्ताव को मंजूरी मिली। बैठक में सभी 10 सदस्य उपस्थित रहे। संवाद
सिर्फ दो प्रस्तावों को ही मिली मंजूरी
सेंथल। सेंथल नगर पंचायत सभागार में बुधवार को पहली बोर्ड बैठक हुई। बैठक में नगर पंचायत के भवन का निर्माण और एक पार्क से जुड़ा प्रस्ताव रखा गया। बैठक में जीटीआई का मुद्दा भी छाया रहा। विधायक डॉ. एमपी आर्य ने कहा कि सेंथल में बना जीटीआई कुछ कारणों की वजह से शुरू नहीं हो पाया है। इसे शुरू कराने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। संवाद
12 करोड़ से होगा मीरगंज का विकास
मीरगंज। नगर पंचायत सभागार में बुधवार को अध्यक्ष योगेंद्र कुमार गुप्ता की अध्यक्षता में बोर्ड की पहली बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में कस्बे के विकास से जुड़े 12 करोड़ के विकास प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। इनमें पथ प्रकाश के लिए 500 एलईडी लगाने, साफ-सफाई के लिए 10 ई-रिक्शा और फावड़ा ट्रॉली खरीदने के साथ सीसी रोड और नाला निर्माण को मंजूरी दी गई। कस्बे के तीन श्मशान स्थलों पर मरम्मत के काम कराए जाएंगें। बैठक में सभी 12 सदस्य मौजूद रहे। संवाद



