Pilibhit News: विवाहिता ने मेडिकल कराने से किया इन्कार
-ससुर पर दुष्कर्म करने का लगाया था आरोप
– पुलिस की जांच में भी नहीं हुई आरोप की पुष्टि
संवाद न्यूज एजेंसी
बीसलपुर। ससुर पर दुष्कर्म का आरोप लगाने वाली विवाहिता को शुक्रवार को मेडिकल परीक्षण के लिए जब सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया तो वहां उसने परीक्षण कराने से इन्कार कर दिया। अब इस विवाहिता के न्यायालय में बयान कराए जाएंगे।
कोतवाल अशोक पाल ने बताया कि क्षेत्र के ही एक गांव की विवाहिता ने दो दिन पूर्व कोतवाली में तहरीर देकर अपने ससुर पर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया था। पुलिस की जांच में आरोप की पुष्टि नहीं हो पाई, तब उच्चाधिकारियों के निर्देश पर पुलिस विवाहिता को मेडिकल परीक्षण के लिए शुक्रवार को स्वास्थ्य केंद्र लेकर गई।
विवाहिता ने स्वास्थ्य केंद्र के डॉक्टर को लिखकर दे दिया कि वह मेडिकल परीक्षण नहीं कराएगी। इसके बाद पुलिस विवाहिता को कोतवाली ले आई यहां से घर भेज दिया। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि शनिवार को महिला को बयान दर्ज कराने के लिए न्यायालय में ले जाया जाएगा। उसके बाद अग्रिम कार्रवाई होगी।

