Bareilly News: बदायूं डिपो की बस में बेटिकट नौ सवारियां पकड़ीं
संवाद न्यूज एजेंसी, बरेली
Updated Sun, 18 Jun 2023 01:43 AM IST
बरेली। लगातार कार्रवाई होने के बाद भी रोडवेज बसों में बेटिकट सवारियाें को यात्रा कराने के मामले थम नहीं रहे है। शनिवार को मुख्यालय प्रवर्तन दल ने बदायूं डिपो की बस में बेटिकट नौ सवारियां पकड़ीं। इस मामले में आरएम का कहना है कि परिचालक की संविदा समाप्त की जाएगी।
मुख्यालय यातायात अधीक्षक कपिल वार्ष्णेय की टीम शनिवार तड़के चेकिंग के लिए निकली थी। बदायूं-कलान रोड पर बदायूं डिपो की बस संख्या यूपी 27 टी 9367 को रोककर चेक किया तो बस में नौ सवारियां बेटिकट मिलीं। परिचालक ने 52 सवारियों में से बाराकलां, सखानू की दो-दो और म्याऊ की पांच सवारियों से किराया लेने के बाद भी टिकट नहीं दिया। बस पर चालक भगवानदास और परिचालक नीरज कुमार थे। पिछले दिनों गंजडुंडवारा रोड पर बदायूं डिपो की बस में 23 सवारियां बेटिकट मिली थीं। इससे पहले अप्रैल में रुहेलखंड डिपो की बसों में लगातार बेटिकट सवारियां पकड़ी गई हैं। आरएम दीपक चौधरी ने बताया कि मामले में परिचालक की संविदा समाप्त की जा रही है।



