Rampur News: जाति प्रमाणपत्र न बना तो नहीं मिलेगी नौकरी… सुनकर नाराज हुए डीएम
शाहबाद। शनिवार को तहसील सभागार में लगे संपूर्ण समाधान दिवस में पहुंचे युवक ने लेखपाल पर जाति प्रमाणपत्र बनाने में देरी करने का आरोप लगाते हुए डीएम से शिकायत की। कहा कि नौकरी के लिए इंटरव्यू की अंतिम तिथि 20 जून है। अगर जाति प्रमाणपत्र न बना तो नौकरी नहीं मिलेगी। लेखपाल की लापरवाही सुनकर डीएम नाराज हो गए और लेखपाल को निलंबन तक की चेतावनी दे डाली।
शाहबाद तहसील सभागार में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में डीएम रविंद्र कुमार मांदड़ और एसपी अशोक कुमार शुक्ल बैठकर शिकायत सुन रहे थे। उस दौरान तहसील क्षेत्र के नवीगंज जदीद गांव निवासी सुमित कुमार पासी अपनी शिकायत लेकर पहुंच गया। सुमित ने बताया कि उन्होंने एलआईसी में डेवलपमेंट ऑफिसर के पद पर नौकरी के लिए आवेदन किया था जिसमें उनका चयन हो गया। इसके बाद कंपनी की ओर जाति प्रमाणपत्र मांगा गया था। इस नौकरी के इंटरव्यू की अंतिम तिथि 20 जून है।
जाति प्रमाणपत्र के लिए युवक द्वारा कई बार ऑनलाइन आवेदन किया गया। आरोप है कि उसके आवेदन को लेखपाल की ओर से निरस्त कर दिया गया। नौकरी के इंटरव्यू में दो दिन शेष रहने पर युवक काफी तनाव में है। डीएम और एसपी के आने की सूचना पर युवक तुरंत अपने पिता और दादा के जाति प्रमाणपत्र के समस्त अभिलेख लेकर संपूर्ण समाधान दिवस में पहुंच गया और डीएम के सामने जाति प्रमाणपत्र बनवाने के लिए गिड़गिड़ाने लगा। साथ ही लेखपाल पर लापरवाही का आरोप भी लगाया।
डीएम ने लेखपाल की ओर से बार-बार जाति प्रमाणपत्र का आवेदन निरस्त करने की बात सुनकर अंदर कानूनगो और लेखपाल को बुलाकर फटकार लगाई। साथ ही दो घंटे के भीतर जाति प्रमाणपत्र बनाने के निर्देश जारी कर दिए। डीएम ने युवक को समय पर जाति प्रमाणपत्र नहीं मिलने पर लेखपाल को निलंबित करने की भी चेतावनी दे दी। इसके बाद तुरंत लेखपाल और कानूनगो युवक को लेकर एक कमरे में बैठ गए और जाति प्रमाणपत्र बनाने की तैयारी शुरू कर दी।