Budaun News: कबूलपुरा पहुंचा खुफिया अमला, पीड़ित बोले- अब कोई शिकायत नहीं
संवाद न्यूज एजेंसी, बदायूं
Updated Sun, 18 Jun 2023 12:40 AM IST
बदायूं। सदर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला कबूलपुरा में पलायन की धमकी देने के मामले में पुलिस ने निगरानी बढ़ा दी है। खुफिया एजेंसियां भी शनिवार को मोहल्ले में पहुंचीं। उन्होंने गोपनीय तरीके से मामले की जांच की। पुलिस ने पीड़ित परिवारों से बात की तो उन्होंने कहा कि वह पुलिस की कार्रवाई से संतुष्ट हैं। अब उन्हें कोई शिकायत नहीं है। फिलहाल पुलिस कबूलपुरा मोहल्ले में नजर बनाए हुए है।
शुक्रवार को मोहल्ला कबूलपुरा में साहू समाज के एक व्यक्ति ने दूसरे समुदाय के युवकों पर बहन-बेटियों से छेड़खानी करने और धर्मांतरण का दबाव बनाने पर घर की दीवार पर लिख दिया था कि वह पलायन को मजबूर हैं। इसका वीडियो वायरल होने पर पुलिस हरकत में आ गई।
पुलिस ने पीड़ित परिवारों से बात करते हुए उनको कार्रवाई का भरोसा दिया तो उन्होंने दीवार पर लिखी इबारत मिटवा दी। शनिवार को खुफिया एजेंसियां भी अलर्ट हो गईं। खुफिया एजेंसियों के अधिकारियों ने पीड़ित परिवार से बात की तो उन्होंने कहा कि अब उनको कोई शिकायत नहीं है। इस संबंध में सीओ सिटी आलोक मिश्रा ने बताया कि कुछ लोगों ने परिवार को भ्रमित कर दिया था। इस वजह से वह इस तरह की बात कर रहे थे। अब पुलिस की कार्रवाई से वह संतुष्ट हैं। अब उन्होंने कोई शिकायत न होने की बात कही है।