रामपुर

Rampur News: सामान बचाने के लिए बदमाशों से भिड़ गया युवक, बदमाशों ने पैर में मारी गोली

Connect News 24

पटवाई/शाहबाद। थाना क्षेत्र के घनश्यामपुर गांव में चोरी की वारदात के बाद भाग रहे बदमाशों को दबोचने के लिए पूर्व चौकीदार के बेटे ने साहस का परिचय देते हुए एक बदमाश को दबोच लिया। बदमाश ने घिरता हुआ देखकर उसके पैर में गोली मार दी लेकिन युवक ने साहस का परिचय देते हुए बदमाश के सीने पर सूजे से वार कर गंभीर घायल कर दिया। बदमाश फरार हो गए। घायल का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। क्षेत्र में उसके साहस की चर्चा हो रही है। प्रकरण में तीन अज्ञात बदमाशों के खिलाफ पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।

पटवाई थाना क्षेत्र के घनश्यामपुर निवासी राम सिंह के घर में सोमवार रात दो बजे घुसे बदमाश चोरी की वारदात को अंजाम देकर फरार हो रहे थे। इसी दौरान राम सिंह के चचेरे भाई एवं गांव के पूर्व चौकीदार रामौतार के बेटे संजय की आंख खुल गई। बदमाशों को देखकर संजय ने शोर मचाते हुए पीछा करना शुरू कर दिया। बदमाशों का पीछा करते हुए संजय घर से करीब 100 मीटर दूर गांव के मंदिर के निकट पहुंच गया। निहत्थे संजय और उसके चचेरे भाई वेद प्रकाश ने साहस का परिचय देते हुए एक बदमाश को दबोच लिया। बदमाश से चोरी किया हुआ सामान छीनने का प्रयास किया गया। लेकिन बदमाश ने अपने आपको घिरता हुआ देख तुरंत तमंचा निकालकर संजय की गोली मार दी। संजय के एक पैर में गोली लगी है जबकि दूसरे पैर में छर्रे लगे हैं।

गोली लगने के बावजूद भी संजय ने बदमाश को नही छोड़ा। घायल अवस्था में संजय ने दबोचे गए बदमाश के सीने में सूजा घोप दिया। घायल अवस्था में ही बदमाश फरार हो गया।उधर गोली की आवाज सुनकर गांव के अन्य ग्रामीण भी जाग गए। संजय को रक्तरंजित हालत में देखकर एंबुलेंस के माध्यम से तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया और घटना की सूचना पटवाई पुलिस को दी गई। सूचना के बाद एडिशनल एसपी डॉ. संसार सिंह, सीओ शाहबाद केएन आनंद मौके पर पहुंच गए। उधर सूचना देकर डॉग स्क्वाड टीम को भी बुला लिया गया। घटनास्थल पर अधिकारियों ने 315 बोर का कारतूस का खोखा बरामद किया है। घायल संजय के भाई विनोद ने बताया कि चोरी करने के बाद फरार हो रहे बदमाशों को देखा गया था। इस प्रकरण में राम सिंह ने अज्ञात तीन बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। जिसमें राम सिंह ने आरोप लगाया है कि अज्ञात चोरों द्वारा घर से 30 हजार की नकदी, सोने के कुंडल, सोने का टीका, चांदी के बिछुए समेत अन्य कीमती सामान बदमाश ले गए। एसपी अशोक कुमार शुक्ला और एसओजी टीम ने भी मौके पर पहुंचकर छानबीन की।

अस्पतालों में पुलिस के छापे

पटवाई। घायल बदमाश की तलाश में पुलिस शहर और देहात तक सभी अस्पतालों में छापे मार रही है, और देख रही है कि किस युवक के सीने में जख्म है। उधर, घटना का खुलासा करने के लिए एसपी ने एसओजी समेत तीन टीमों का गठन किया है तीनों टीमें बदमाशों को दबोच ने के लिए दबिश देने में जुटी हुई है।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button