शाहजहाँपुर

Shahjahanpur News: ओवरलोडिंग की समस्या होगी खत्म, 52 नए ट्रांसफार्मर लगेंगे

Connect News 24

शाहजहांपुर। कम क्षमता के ट्रांसफार्मर अधिक लोड पड़ते ही बिजली आपूर्ति बाधित कर देते हैं। भीषण गर्मी में यह समस्या ज्यादा बढ़ जाती है। अब नगर निकाय विस्तारीकरण योजना के तहत ओवरलोडिंग की समस्या झेल रहे 52 ट्रांसफार्मर बदले जाएंगे।

नगर पालिका से महानगर बनने के बाद कई ग्रामीण इलाके भी शहरी क्षेत्र का हिस्सा बन गए। इन इलाकों में बिजली की समस्या पूर्व की तरह बनी है। इसी तरह शहर में कई मोहल्लों में कम क्षमता के ट्रांसफार्मर होने के बाद भी बड़े पैमाने पर कनेक्शन दिए जाने के चलते ट्रांसफार्मरों पर लोड बढ़ गया। इसके चलते आए दिन तार टूटने, जंपर जलने व ट्रांसफार्मर में खराबी की शिकायतें आती रहती हैं, जिसके चलते अक्सर बिजली आपूर्ति बाधित हो जाती है।

नगर निगम विस्तारीकरण योजना में ओवरलोड ट्रांसफार्मरों की जगह पर दूसरा अधिक क्षमता का ट्रांसफार्मर रखकर लोड कम करने के उद्देश्य से सर्वे कराया गया था। इसके तहत नौ उपकेंद्रों में 52 ट्रांसफार्मर लगाने की कार्ययोजना बनी थी। अवर अभियंताओं के अनुसार, जल्द ही उनके क्षेत्र के कम क्षमता के पुराने ट्रांसफार्मरों को हटाकर नए रखे जाएंगे। इससे क्षेत्र के लोगों को लोकल फाल्ट से निजात के साथ भरपूर बिजली आपूर्ति मिल सकेंगी।

इतनी क्षमता के लगेंगे ट्रांसफार्मर

शहर में छह जगहों पर 400 केवी का ट्रांसफार्मर हटाकर 630 केवी का लगाकर ओवरलोड खत्म किया जाएगा। इसी तरह 12 स्थानों पर 250 के स्थान पर 400 केवी और 100 से 250 केवी की क्षमता का ट्रांसफार्मर 33 स्थानों पर रखा जाएगा। 63 केवी के स्थान पर 100 केवी का ट्रांसफार्मर एक स्थान पर रखने की तैयारी है।

ओवरलोडिंग को खत्म करने के लिए ट्रांसफार्मर को रखने का काम जल्द ही शुरू कराया जाएगा। यह कार्य होने से उपभोक्ताओं को काफी फायदा होगा।

– अभिषेक राय, उपखंड अधिकारी


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button