Pilibhit News: स्टांप विक्रेताओं ने चोरी के खुलासे में अधिवक्ताओं से मांगा सहयोग
संवाद न्यूज एजेंसी, पीलीभीत
Updated Fri, 23 Jun 2023 11:50 PM IST
बीसलपुर। तहसील के स्टांप विक्रेताओं ने शुक्रवार को अधिवक्ता संघ की दोनों इकाइयों के अध्यक्षों को पत्र सौंपकर चोरी के खुलासे में सहयोग मांगा है। मोहल्ला दुर्गाप्रसाद निवासी स्टांप वेंडर राजीव कुमार का तहसील परिसर स्थित उनके काउंटर से 19 जून को 1.80 लाख रुपयों से भरा थैला चोरी हो गया था। पुलिस ने रिपोर्ट तो उसी दिन दर्ज कर ली, लेकिन घटना का अब तक खुलासा नहीं कर सकी है।
घटना के अगले दिन स्टांप विक्रेताओं और अधिवक्ताओं ने एसडीएम संदीप यादव को ज्ञापन सौंपकर चोरी का पर्दाफाश कराने की मांग की थी। इसके बाद भी पुलिस ने घटना के खुलासे में कोई सक्रियता नहीं दिखाई। शुक्रवार को स्टांप विक्रेताओं ने तहसील बार एसोसिएशन के अध्यक्ष विष्णु वाजपेयी और प्रगतिशील बार एसोसिएशन के अध्यक्ष आशुतोष शुक्ल को पत्र सौंपकर मामले खुलासा कराने में सहयोग मांगा। इस मौके पर राजीव कुमार, नवीन सक्सेना, दिलशाद हबीब, गुंजन पाठक, तेजवीर आदि मौजूद रहे।