बरेली

Bareilly News: गाय पूजन से शुरू हुआ नगर निगम स्थापना दिवस का जश्न

Connect News 24

बरेली। नगर निगम का स्थापना दिवस शनिवार को जश्न के साथ मनाया गया। दिनभर अलग-अलग कई कार्यक्रम चले। मेयर उमेश गौतम व कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह ने सीबीगंज में स्थित गोशाला में पहुंचकर गायों के पूजन और उन्हें चारा खिलाकर आयोजन की शुरुआत की।

सीबीगंज स्थित गोशाला में मेयर और कैबिनेट मंत्री ने गोकाष्ट निर्माण का उद्घाटन किया। इसके बाद यहां निरीक्षण कर व्यवस्थाएं देखीं। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि गाय संस्कृति का आधार है। अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की महत्वपूर्ण कड़ी है। इस दौरान बरेली वासियों के स्वस्थ रहने की कामना की गई। इसके बाद कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सर्किट हाउस पहुंचे। वहां डीएम शिवाकांत द्विवेदी और एसएसपी प्रभाकर चौधरी के साथ बैठक की। निर्देश दिए कि निराश्रित गोवंशों को आश्रय स्थल पहुंचाया जाए और गोचर की जमीनों को कब्जामुक्त कराकर वहां हरा चारा उगाया जाए। गायों को भूसा, हरा चारा, पानी आदि की व्यवस्था के साथ-साथ बरसात से बचाव के निर्देश दिए। नकली दूध बनाने वालों पर शिकंजा कसने की बात कही। यह भी कहा कि बकरीद के मौके पर कुर्बानी में कोई नई परंपरा न डाली जाए।

नाथ नगरी के कराए गए दर्शन

शहर के ऐसे बुजुर्ग जो 80 वर्ष या इससे अधिक उम्र के हैं, उन्हें स्थापना दिवस के मौके पर नाथ नगरी के सभी शिव मंदिरों के दर्शन कराने की व्यवस्था की गई। मेयर उमेश गौतम, कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह और नगर आयुक्त निधि गुप्ता वत्स ने हरी झंडी दिखाकर ई बसों को रवाना किया। इन बसों से बुजुर्गों को शहर के सभी नाथ मंदिरों के दर्शन कराए गए।

स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, लोकतंत्र सेनानी हुए सम्मानित

आईएमए हाल में शाम चार बजे स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों व लोकतंत्र सेनानियों का शॉल ओढ़ाकर व स्मृति चिह्न देकर सम्मान किया गया। मेयर उमेश गौतम और नगर आयुक्त निधि गुप्ता वत्स व अपर नगर आयुक्त अजीत कुमार सिंह समेत अन्य अधिकारियों, पार्षदों और आगंतुकों ने स्थापना दिवस का केक काटकर जश्न मनाया।


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button