Budaun News: मेजर ध्यानचंद की भतीजी चंद्रकली सिंह का निधन

चंद्रकली सिंह का फाइल फोटो।
रामगंगा घाट पर अंतिम संस्कार, बड़े बेटे अवधेश तोमर ने दी मुखाग्नि
संवाद न्यूज एजेंसी
दातागंज (बदायूं)। करीब डेढ़ साल से बीमार चल रहीं अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी स्व. मेजर ध्यानचंद की भतीजी चंद्रकली सिंह का शुक्रवार को निधन हो गया। वह करीब 80 साल की थीं। उनका अंतिम संस्कार रामगंगा घाट पर किया गया। बड़े बेटे अवधेश तोमर ने उन्हें मुखाग्नि दी।
ग्राम नौनी टिकन्ना की मूल निवासी चंद्रकली सिंह का विवाह वर्ष 1960 में यशवीर सिंह के साथ हुआ था। यशवीर सिंह नौनी टिकन्ना के जमीदार थे। चंद्रकली सिंह का मायका ग्वालियर में है। उनके पिता कैप्टन रूप सिंह और ताऊ मेजर ध्यानचंद हॉकी के प्रसिद्ध खिलाड़ी रहे। उनमें मेजर ध्यानचंद को शायद ही कोई नहीं जानता हो। चंद्रकली सिंह शादी के बाद देहरादून में रहीं थीं। उनके चार बेटे अवधेश तोमर, ब्रजेश तोमर, दिनेश तोमर, मुकेश तोमर हैं। बेटी अंजना उर्फ गुड़िया की काशीपुर के जसपुर में शादी हुई है।
वर्ष 1980 में चंद्रकली सिंह के पति यशवीर सिंह का निधन हो गया था। तब से वह लगातार गांव में रह रहीं थीं। वह गांव की प्रधान भी रहीं थीं लेकिन कुछ साल से उनका स्वास्थ्य ठीक नहीं चल रहा था। शुक्रवार रात करीब आठ बजे उन्होंने अपने घर पर आखिरी सांस ली। शनिवार को उनके शव का अंतिम संस्कार रामगंगा घाट पर किया गया। उनके निधन से परिवार काफी दुखी है।
दिल्ली में रहते हैं मेजर ध्यानचंद के बेटे
प्रसिद्ध हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद के बेटे अशोक कुमार दिल्ली में रहते हैं। कैप्टन रूप सिंह के बेटे भी अलग-अलग रहते हैं। कोई देहरादून में रहता है तो कोई दिल्ली में रह रहा है। सभी एक-दूसरे के संपर्क में हैं।