Budaun News: बेहटा सुपर स्टार ने बेहटा वॉरियर्स को हराया

विजेता टीम के कप्तान आयुष को मैन ऑफ द मैच देते आयोजक। संवाद
कप्तान आयुष को दिया गया मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार
संवाद न्यूज एजेंसी
बिल्सी। तहसील क्षेत्र के गांव बेहटा गुंसाई में चल रहे बीजीपीएल क्रिकेट टूर्नामेंट में बेहटा सुपर स्टार ने बेहटा वॉरियर्स को एक विकेट से हरा दिया। कप्तान आयुष को मैन आफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।
बेहटा सुपर स्टार के कप्तान आयुष वार्ष्णेय ने टॉस जीतकर पहले फील्डिंग करने का फैसला किया। पहले खेलते हुए बेहटा वॉरियर्स टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और बल्लेबाज थोड़े-थोड़े अंतराल पर आउट होते रहे। बेहटा वॉरियर्स ने पहले खेलते हुए छह ओवर चार गेंदों पर 50 रन बनाए। जिसमें समीर ने 25, आरिफ और राजा वार्ष्णेय ने छह-छह रन का योगदान दिया। बेहटा सुपर स्टार की ओर से गेंदबाजी करते हुए भगवान सिंह ने तीन, गोविंद ने एक, कप्तान आयुष वार्ष्णेय ने दो विकेट लिए।
इसके बाद 51 रनों का लक्ष्य लेकर मैदान पर उतरी बेहटा सुपर स्टार की शुरुआत अच्छी नहीं रही। उनके 23 रनों के स्कोर पर छह विकेट गिर गए। जिससे टीम काफी दबाव में आ गई। उसके बाद कप्तान आयुष वार्ष्णेय ने एक छोर से बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए नाबाद 23 रन बनाते हुए टीम को एक विकेट से जीत दिला दी। बेहटा वॉरियर्स की ओर से गेंदबाजी करते हुए शानू खां ने चार और मोहम्मद शादिर ने दो विकेट लिए। इस प्रकार बेहटा सुपर स्टार टीम को एक विकेट से विजयी घोषित किया गया।
टीम की ओर से सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने पर कप्तान आयुष वार्ष्णेय को मैन ऑफ द मैच चुना गया। इस मौके पर ईशु मिश्रा, विकास गुप्ता, पंकज गुप्ता, संदीप पुरी, राजेश गुप्ता, रमेश कोहली, गोपाल गुप्ता, अन्ना पुरी, कपिल गुप्ता, सुमित गुप्ता आदि मौजूद रहे।