Budaun News: खुदा जाने खता क्या है… जिला जेल में मां के गुनाहों की सजा भुगत रहे चार मासूम

जिला कारागार बदायूं। संवाद
विस्तार
बदायूं के जिला कारागार में बंद तीन महिलाओं पर कत्ल का आरोप है। सच्चाई क्या है, यह तो सबूतों के आधार पर अदालत तय करेगी। मगर, उनके साथ चार मासूम बच्चे भी सलाखों के पीछे अपना बचपन गुजार रहे हैं। वजह, इन सबकी उम्र पांच साल से कम है और कानून इस आयु में इनको मां के साथ ही रखने की प्रावधान है।
बचपन में मां के आंचल के साथ ही पिता और बाबा के कंधों पर बैठकर घूमने वाले मासूम यहां जिला कारागार में अपना समय काट रहे हैं। यहां उनको मां की ममता ही मिल रही है, लेकिन पिता, चाचा, ताऊ, बाबा, दादी, बुआ के प्यार से वह दूर हैं। इन मासूमों का गुनाह कुछ भी नहीं है, लेकिन मां के गुनाहों की सजा भुगतनी पड़ रही है।
इसमें एक अभागा बच्चा ऐसा भी है जो मां के साथ सलाखों के पीछे है, मगर जब वह पांच साल के बाद परिजनों के पास पहुंचेगा तो पिता का साया उसे नसीब नहीं होगा। वजह यह है कि उसकी मां पर पिता की ही हत्या का आरोप है।



