Shahjahanpur News: युवती पर हमले की शिकायत नहीं हुई दर्ज, पुलिस को लगी फटकार

थाना समाधान दिवस पर सिविल लाइन थाने में जनता की शिकायते सुनते डीएम व एसएसपी। संवाद
बदायूं। सदर कोतवाली पहुंचे डीएम मनोज कुमार, एसएसपी डॉ. ओपी सिंह ने थाना समाधान दिवस में आने वाली शिकायतों को सुना और उनका तुरंत निस्तारण करने के आदेश दिए। इस दौरान शहर की रहने वाली एक युवती ने आरोप लगाया कि उससे छेड़खानी की गई, हमला हुआ पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की। इस पर दोनों ने पुलिस कर्मियों को फटकार लगाई।
इसके अलावा एक महिला ने ससुरालीजनों पर आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। इस मामले में भी कार्रवाई के निर्देश दिए गए। इधर, मुजरिया थाने में आयोजित थाना समाधान दिवस में जाहिदपुर घंसौली का रहने वाला मिंटू भी शिकायत लेकर पहुंचा। ऐसे में दूसरे पक्ष को थाने पर बुलाकर समझौता करा दिया गया।
गांव कौल्हाई के मजरा नगला मिलक निवासी मुकुट ने शिकायत की कि जिला पंचायत की ओर से डाले जा रहे चकमार्ग के दौरान उनके खेत में मिट्टी उठाने के नाम पर गहरा गड्ढा बना दिया गया। शिकायत पर टीम को मौके पर भेजा गया।
कुंवरगांव। समाधान दिवस में पुलिस और जमीन के विवाद से जुड़े कई मामले आए। एडीएम प्रशासन विजय कुमार सिंह और एसपी सिटी अमित किशोर श्रीवास्तव ने समस्याओं का निस्तारण कराया। इस मौके पर एसएचओ सुरेश चंद्र गौतम, अपराध निरीक्षक रवि शंकर यादव, राजस्व निरीक्षक प्रभान सिंह, लेखपाल आकाश सक्सेना आदि मौजूद रहे।