Rampur News: बारिश होते ही सात दिन में मिले मलेरिया के पांच मरीज
रामपुर। बारिश शुरू होते ही मच्छर जनित बीमारियों ने पैर पसारने शुरू कर दिए हैं। बीते एक सप्ताह के अंदर पांच लोगों में मलेरिया की पुष्टि हुई है। इसको लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट हो गया है। अभी डेंगू के मामले सामने नहीं आए हैं, लेकिन विभाग इसको लेकर भी अलर्ट हो गया है।
बारिश के कारण गांव-देहात में जगह-जगह पर जलभराव की स्थिति है। शहरों में भी नालों में ठीक तरह से सफाई न होने के कारण पानी भरा है। ऐसे पानी में मच्छर पनप रहे हैं। इससे बीमारियाें ने दस्तक दे दी है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार पिछले सात दिन में पांच लोगों में मलेरिया की पुष्टि हुई है। ये सभी बुखार होने पर जिला अस्पताल में उपचार के लिए आए थे। जांच पर मलेरिया की पुष्टि हुई।
जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. पंकज द्विवेदी ने बताया कि इस वर्ष अभी तक मलेरिया के पांच मामले निकले हैं। डेंगू का कोई मामला नहीं है। एहतियातन स्वास्थ्य टीमों को अलर्ट कर दिया। जहां पर मरीज निकल रहे हैं, वहां दवा का छिड़काव कराया जा रहा है। बीमार लोगों की किट से जांच की जा रही है।

