Budaun News: चारा लेकर जा रहे बुजुर्ग के ऊपर गिरा हाईटेंशन लाइन का तार, मौत
जरीफनगर थाना क्षेत्र के गांव रसूलपुर कलां के जंगल में हुआ हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
दहगवां। जरीफनगर थाना क्षेत्र में खेत से चारा लेकर घर जा रहे बुजुर्ग के ऊपर हाईटेंशन लाइन का तार गिर गया। हादसे में बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
मंगलवार की शाम पांच बजे गांव रसूलपुर कलां निवासी 65 वर्षीय चंद्रकेश अपने खेत पर चारा लेने गए थे। चारा लेकर वह घर जा रहे थे। इसी दौरान उनके ऊपर हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर गिर गया। एक तार टूटकर खेत की बाउंड्री को लगाए गए बांस पर गिरा, जिससे उसमें आग लग गई। इधर, करंट की वजह से चंद्रकेश की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आग की लपटें देख ग्रामीणों ने इसकी सूचना विद्युत उपकेंद्र पर दी, जहां से सप्लाई बंद कराई गई। हादसे की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन मौके पर पहुंच गए।
परिजनों ने ग्रामीणों के साथ पावर कॉरपोरेशन के खिलाफ आक्रोश जताया। ग्रामीणों ने बताया कि काफी समय से लाइनों को दुरुस्त कराने की मांग की गई, लेकिन पावर कॉरपोरेशन की ओर से समस्या का समाधान नहीं किया गया। इसी वजह से यह हादसे में चंद्रकेश की जान चली गई। एसएचओ जरीफनगर मनोज कुमार वर्मा ने बताया कि शव पोस्टमार्टम को भेजा गया है। तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
–
मौके की जांच कराई जाएगी तभी पता चलेगा कि लाइन जर्जर है या सही। यदि विभाग की गलती सामने आती है तो विभाग की ओर से इसमें पांच लाख का मुआवजे का प्रावधान है। एसडीओ इसकी रिपोर्ट पेश करेंगे। फिर बिजली थाने से इंस्पेक्टर या सब इंस्पेक्टर आकर जांच करेंगे। उनकी जांच के बाद मुआवजा मिलेगा।
– रजनीश सिंह राठौर, जेई दहगवां एवं जरीफनगर