Budaun News: दरिंदगी में नाकाम रहने पर मामा ने की थी मासूम भांजे की हत्या
उझानी में मक्का के खेत में मिला था आठ वर्षीय बालक का शव
कुरकुरे के दो पैकेट दिलाकर बालक को खेत में ले गया था आरोपी
संवाद न्यूज एजेंसी
उझानी (बदायूं)। आठ साल के मासूम की हत्या उसके सगे मामा ने दरिंदगी की कोशिश में नाकाम रहने पर की थी। पुलिस ने सोमवार रात आरोपी को दबोचा तो उसने पूछताछ के दौरान हकीकत बयां कर दी। घटना का खुलासा हो जाने के बाद पुलिस ने उसका मेडिकल कराकर कोर्ट में पेश किया। बाद में न्यायिक अभिरक्षा में उसे जेल भेज दिया गया।
युवक उझानी के एक मोहल्ले का निवासी है। वह मृतक बालक के पिता और मां के साथ उन्हीं के किराये के मकान में करीब 15 साल से रह रहा है। पुलिस के मुताबिक- शुक्रवार शाम युवक अपने भांजे को साथ ले गया। कांशीराम कॉलोनी के पास उसने बालक को कुरकुरे के दो पैकेट दिलाए। इसके बाद उसने सड़क पार कर मक्का के खेत में ले जाकर बालक के साथ दरिंदगी की कोशिश की। नाकाम रहने पर उसने बालक का उसी के अंडरवियर के नाड़े से गला घोंट दिया।
युवक ने पुलिस को बताया कि दरिंदगी की कोशिश के दौरान बालक ने शोर मचाने के साथ पूरी घटना पिता को बताने की बात कहने लगा था। युवक के मुताबिक, इससे वह डर गया। अगर वह बालक को नहीं मारता तो उसकी पोल खुल जाती। घटना को अंजाम देकर युवक वहां से चला गया।
इसके बाद युवक, बहन-बहनोई के साथ बालक की खोजबीन में भी रात तक जुटा रहा। पुलिस ने युवक की निशानदेही पर घटनास्थल के पास से ही एक रूमाल बरामद किया है। रूमाल का इस्तेमाल उसने दरिंदगी की कोशिश के दौरान किया था।
–
पहले निर्माणाधीन मकान में छिपाई थी लाश
पुलिस की गिरफ्त में आए कातिल मामा ने बताया कि घटना को अंजाम देने के बाद उसने राजनगर गेट के पास एक निर्माणाधीन मकान में लाश छिपा दी थी। इसके बाद वह अपनी बहन के घर पहुंचा तो वहां उसके भांजे के गायब होने का शोर मच चुका था। वह अपने बहनोई के साथ बच्चे को तलाश करने का ड्राॅमा करता रहा। किसी को उस पर कोई शक न हो इसलिए वह सभी के साथ तलाश करने में लगा रहा। बाद में मौका पाकर उसने निर्माणाधीन मकान से शव उठाकर मक्का के खेत में फेंक दिया।
–
वर्कआउट करने वाली टीम को एसएसपी ने किया पुरस्कृत
एसएसपी डॉ. ओपी सिंह ने बताया कि गिरफ्तारी के लिए एसओजी और कोतवाली पुलिस को संयुक्त रूप से लगाया गया था। प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार सिंह और एसओजी प्रभारी धर्वेंद्र कुमार के नेतृत्व में दोनों टीम में शामिल पुलिस कर्मियों को पुरस्कृत किया जाएगा।
–
पॉक्सो लगाया, 21 दिन में दाखिल होगी चार्जशीट दाखिल
मासूम की हत्या में उसके सगे मामा के खिलाफ आईपीसी की धारा- 302, 201, 377, 511 के अलावा पॉक्सो एक्ट के तहत भी मामला दर्ज किया गया है। मंगलवार सुबह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर युवक का मेडिकल परीक्षण कराया गया। मेडिकल के दौरान ही डीएनए जांच के लिए भी सैंपल लिया गया। एसएसपी ने युवक को जल्द सजा दिलाने के लिए पुलिस की ओर से कोई कसर नहीं छोड़े जाने का भी दावा किया। उन्होंने बताया कि ट्रायल जल्द हो जाए, इसीलिए चार्जशीट भी 21 दिन में कोर्ट में दाखिल की जाएगी।