Budaun News: सड़क हादसे में युवक और मोर की मौत

मृतक लवलेश का फाइल फोटो।
– कादरचौक के गांव निजामाबाद में हुआ हादसा, वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं/कादरचौक। थाना क्षेत्र में अनियंत्रित बाइक मोर से टकराते हुए फिसल गई। हादसे में बाइक सवार और मोर की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन मौके पर पहुंच गए। इधर, मोर के मरने की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने युवक और मोर के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
मंगलवार को रात करीब आठ बजे गांव निजामाबाद निवासी 23 वर्षीय लवलेश पुत्र रामवीर अपने साथी संजीव पुत्र वेदराम के साथ कादरचौक गए थे। यहां से वह कुछ देर बाद वापस गांव जा रहे थे। इसी दौरान कादरचौक-निजामाबाद मार्ग पर बालाजी मंदिर के पास उनकी बाइक रोड पर आए मोर से टकराते हुए अनियंत्रित होकर फिसल गई।
हादसे में लवलेश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि संजीव गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में मोर की भी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के परिजनों को सूचना दी। मृतक लवलेश के परिजनों ने बताया कि उसकी एक साल पहले जजपुरा गांव से शादी हुई थी। एसओ वेदपाल सिंह ने बताया कि मोर मरने की सूचना पर वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची है। एसओ ने बताया कि बाइक सवारों ने हेलमेट नहीं लगाया था।