Budaun: पूर्व बसपा विधायक मुस्लिम खां के बेटे ने किया आपत्तिजनक ट्वीट, पुलिस ने किया गिरफ्तार

अबू तल्हा
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
बदायूं में ककराला के पूर्व विधायक मुस्लिम खां के बेटे अबू तल्हा को आपत्तिजनक धार्मिक टिप्पणी करना महंगा पड़ गया। थाना पुलिस ने शिकायत पर उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज की है, साथ ही उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।
पूर्व बसपा विधायक मुस्लिम खां का बेटा अबू तल्हा राजस्थान के कोटा में रहकर कोचिंग कर रहा था। बताते हैं कि उसके साथ बिहार के पटना जिले का हिंदू छात्र मयंक राज भी पढ़ाई कर रहा था। कुछ समय से अबू तल्हा ककराला में रह रहा है। बताया जा रहा है कि उसकी किसी बात को लेकर हिंदू छात्र से बहस हो गई। इस पर अबू तल्हा ने मयंक राज को आपत्तिजनक धार्मिक टिप्पणी करते हुए उसे ट्वीट कर दिया। उस छात्र ने तुरंत ट्वीट का स्क्रीन शॉट ले लिया। कुछ देर बाद अबू तल्हा ने ट्वीट डिलीट कर दिया।
इसके बाद मयंक राज ने आपत्तिजनक ट्वीट को जिले के पुलिस अधिकारियों और प्रदेश के पुलिस अधिकारियों, प्रशासनिक अधिकारियों को ट्वीट करते हुए एफआईआर दर्ज कराने की मांग की। अलापुर थाना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत अबू तल्हा के खिलाफ धारा 505 आईपीसी और 67 आईटीएक्ट के तहत एफआईआर दर्ज कर ली। थाना पुलिस ने अबू तल्हा को गिरफ्तार कर लिया है। इंस्पेक्टर हरपाल सिंह बालियान ने बताया कि विधायक के बेटे के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। उसका चालान किया जा रहा है।