Bareilly News: 1.42 लाख विद्यार्थी फिर जैसे-तैसे पढ़ेंगे… जितने शिक्षक बढ़े वे सिर्फ 6240 के लिए पर्याप्त
बरेली। जिले में अंतरजनपदीय तबादलों की प्रक्रिया लगभग पूरी हो चुकी है। सोमवार देर शाम इसकी सूची भी जारी कर दी गई है। तबादलों के जरिये जिले को 391 शिक्षक मिले हैं, जबकि 183 शिक्षक यहां से गए हैं। आंकड़ों के मुताबिक, शहर में कुल 208 शिक्षकों की बढ़त हुई है। निश्चित रूप से शिक्षकों की कमी से जूझ रहे जिले के लिए यह अच्छी खबर है। इसके बावजूद शिक्षकों की संख्या जरूरत और मानकों के मुताबिक नहीं है। करीब 1.42 लाख विद्यार्थी फिर जैसे-तैसे पढ़ेंगे। इन्हें पढ़ाने के लिए अभी करीब 4700 शिक्षकों की दरकार है। हालांकि यह कमी अभी दूर-दूर तक पूरी होने की उम्मीद नहीं है।
13,300 शिक्षकों की जरूरत, 8600 की तैनाती
जिले में परिषदीय स्कूलों में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं की संख्या चार लाख से अधिक है। मानकों के मुताबिक 30 विद्यार्थियों पर एक शिक्षक तैनात होना चाहिए। इस प्रकार चार लाख विद्यार्थियों पर करीब 13,300 शिक्षक तैनात होेने चाहिए। जिले में शिक्षकों की संख्या अभी तक 8400 थी, जोकि तबादले की प्रक्रिया के बाद बढ़कर 8608 हो गई है। यह संख्या केवल 2,58,240 विद्यार्थियों के लिए ही पर्याप्त है। इसके मुताबिक जिले के करीब 1,42,000 विद्यार्थियों के लिए अब भी पर्याप्त शिक्षक नहीं हैं।
कमी पूरी करने के लिए शिक्षामित्र-अनुदेशक तैनात
शिक्षकों की कमी को पूरा करने के लिए विभाग ने कई स्कूलों में शिक्षामित्र और अनुदेशक तैनात किए हैं। विभाग खुद इन्हें शिक्षक नहीं मानता। बकौल बीएसए विनय कुमार, शिक्षामित्र और अनुदेशकों को शिक्षकों में नहीं गिना जा सकता। ज्यादातर स्कूलों में शिक्षामित्रों को ही जिम्मेदारी सौंप दी गई है। जिले में करीब 2100 शिक्षामित्र और 400 अनुदेशक भी तैनात हैं।
पदस्थापन की स्थिति
परिषदीय स्कूल तीन जुलाई से खोले जाएंगे। स्कूल खुलने से पहले शिक्षकों के पदस्थापन की प्रक्रिया भी पूरी की जाएगी। विभाग का कहना है कि पदस्थापन की प्रक्रिया मानव संपदा पोर्टल के जरिये होगी। हालांकि इसके लिए अभी शासनादेश जारी नहीं हुआ है।



