Budaun News: प्रशिक्षण के दौरान काम की बारीकियां को जाना

अचल प्रशिक्षण केंद्र में नवीन आशाओं को प्रदान किए गए प्रमाणपत्र। संवाद
अचल प्रशिक्षण केंद्र पर आशाओं के प्रशिक्षण का समापन
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत जिला महिला चिकित्सालय के अचल प्रशिक्षण केंद्र पर आशाओं का आठ दिवसीय प्रारंभिक प्रशिक्षण हुआ। राज्य प्रशिक्षक अमित कुमार सिंह तोमर ने प्रशिक्षणार्थियों को प्रमाणपत्र वितरित किए। प्रशिक्षण के दौरान आशाओं ने अपने कार्य, उत्तरदायित्व, दी जाने वाली सेवाओं एवं विभिन्न कार्यक्रमों में अपनी भूमिका के बारे में जाना।
इस मौके पर राज्य प्रशिक्षक ने कहा कि आशा अब आम बीमारियों का घरेलू उपचार भी कर सकेंगी। आठ दिवसीय प्रशिक्षण में ओआरएस बनाने एवं हाथ धोने के कौशल का अभ्यास कराते हुए समझाया गया।
इसके अलावा उन्होंने आशा की दक्षता, नेतृत्व और संचार कौशल, स्वास्थ्य, साफ-सफाई और बीमारी के बारे में जानने के साथ स्वास्थ्य संबंधी आम समस्याओं से निपटने, संक्रामक रोग, संचारी रोग, मातृ स्वास्थ्य, नवजात की देखभाल और छोटे बच्चों का आहार, पोषण आदि का भी प्रशिक्षण प्राप्त किया।
प्रशिक्षण के बाद मूल्यांकन के उपरांत 25 आशाओं को प्रमाण पत्र दिए गए। इस अवसर पर सुधा देवी, डॉ अमित शर्मा, डॉ वीके जौहरी, लल्ला सिंह आदि उपस्थित रहे।