Budaun News: लक्ष्मी नारायण मंदिर के वार्षिकोत्सव में गूंजे मंत्र

भंडारे में प्रसाद पाते भक्त। संवाद
पंजाबी काॅलोनी स्थित मंदिर में बृहस्पतिवार दोपहर बाद तक चले कार्यक्रम
संवाद न्यूज एजेंसी
उझानी (बदायूं)। पंजाबी काॅलोनी स्थित श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर का 25वां वार्षिकोत्सव बृहस्पतिवार को धूमधाम से मनाया गया। सुबह से जुटे श्रद्धालुओं ने धार्मिक कार्यक्रम में हिस्सा लिया। श्री राधा-कृष्ण की पूजा-अर्चना के दौरान पुरोहित प्रीतमलाल शर्मा ने मंत्रोच्चार किया। दोपहर बाद शुरू हुए भंडारे में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद पाया।
मंदिर परिसर में वार्षिकोत्सव कार्यक्रम शुरू होने से पहले श्री राधा-कृष्ण समेत सभी देवी-देवताओं की मूर्तियों का श्रंगार किया गया। मंदिर में गुब्बारे लगाए गए। पुरोहित प्रीतमलाल शर्मा ने हवन-पूजन कराया। श्री राधा-कृष्ण की स्तुति करते हुए हवन में लोक कल्याण के लिए आहुतियां अर्पित कीं।
श्रद्धालुओं ने मंदिर परिसर की परिक्रमा भी की। पुरोहित ने श्रद्धालुओं को धर्म के रास्ते पर चलने की सलाह दी। कहा- परस्पर प्रेम से ही अच्छे रास्ते पर चलने और सद्भावना का माहौल बनता है।हवन-पूजन के बाद श्री राधा-कृष्ण को छप्पन भोग का प्रसाद अर्पित किया गया। कन्याओं के साथ ब्राह्मणों को भोज कराकर आयोजकों की ओर से दक्षिणा भेंट की गई। दोपहर बाद भंडारे में सैकड़ों लोग जुटे। भंडारा देर शाम तक चला।
व्यवस्थाओं में राजन मेंदीरत्ता, करन थरेजा, विक्रांत मेंदीरत्ता, हनी सपरा, ओम थरेजा, बंटी अदलक्खा, ओमप्रकाश अदलक्खा, मुकेश छाबड़ा, रमन थरेजा और अरुण चांदना का सहयोग रहा।