Pilibhit News: कार की टक्कर से साइकिल सवार की मौत
पुलिस ने दर्ज की रिपोर्ट, शव पोस्टमार्टम को भेजा
संवाद न्यूज एजेंसी
पूरनपुर। सब्जी लेकर साइकिल से घर लौट रहे गांव रुरिया ताल्लुके गजरौला निवासी केदारी लाल (45) की कार की टक्कर से मौत हो गई। हादसे के बाद चालक कार लेकर भाग गया। पुलिस ने केदारी लाल के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। केदारी लाल के भाई भवानी प्रसाद की ओर से कार चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
घटना असम हाईवे पर गांव पड़रिया मोड़ के समीप सोमवार शाम को हुई। गांव रुरिया ताल्लुके गजरौला निवासी भवानी प्रसाद ने बताया कि उसके भाई केदारी लाल सोमवार शाम को गांव कढ़ेरचौरा में बाजार से सब्जी लेकर साइकिल से घर लौट रहे थे। पूरनपुर की ओर से खुटार की ओर अनियंत्रित गति से जा रहे कार सवार ने उनकी साइकिल को टक्कर मार दी। हादसे में केदारी लाल की मौके पर मौत हो गई। कोतवाल आशुतोष रघुवंशी ने बताया कि भवानी प्रसाद की ओर से कार चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर केदारी लाल के शव को पोस्टमार्टम को भेजा गया है।