Rampur News: अबदुल्ला के पक्ष में अनवार और आसिम ने दर्ज कराए बयान
संवाद न्यूज एजेंसी, रामपुर
Updated Thu, 27 Apr 2023 12:21 AM IST
रामपुर। सपा के पूर्व विधायक अब्दुल्ला आजम के दो जन्म प्रमाणपत्र होने के आरोप में दर्ज मुकदमे में बुधवार को अनवार खां और आसिम खां ने उनके बचाव में बयान दर्ज कराए। अभियोजन अधिकारी ने गवाह से जिरह की। उनकी गवाही पूरी हो गई है। अब इस मामले की अगली सुनवाई 05 मई को होगी।
भाजपा विधायक आकाश सक्सेना ने अब्दुल्ला आजम के दो जन्म प्रमाणपत्रों के मामले में गंज थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इस मुकदमे में सपा नेता आजम खां और उनकी पत्नी डॉ. तजीन फात्मा भी आरोपी हैं। पुलिस इस प्रकरण में तीनों के खिलाफ कोर्ट में चार्जशीट दाखिल कर चुकी है। इस मामले में आजम खां, डॉ. फात्मा और अब्दुल्ला जमानत पर चल रहे हैं। मुकदमे की सुनवाई एमपी-एमएलए कोर्ट (मजिस्ट्रेट ट्रायल) में चल रही है। बुधवार को इस प्रकरण की कोर्ट में सुनवाई हुई। सुनवाई के दौरान अनवार खां और आसिम खां ने अपने बयान दर्ज कराए। वादी के अधिवक्ता संदीप सक्सेना ने बताया कि दोनों गवाहों की गवाही पूरी हो गई है। अब इस मामले की अगली सुनवाई 05 मई को होगी।