बरेली में बारिश से बिगड़े हालात: शहर से लेकर कस्बों तक जलभराव, घर-दुकान और थानों में भरा पानी; देखें तस्वीरें
आंवला में तेज बारिश के कारण विभिन्न मोहल्लों व प्रमुख मार्गों पर दो से तीन फीट तक पानी बहने लगा। मोहल्ला पुरैना ढाल पर बारिश का गंदा पानी घरों में भी घुस आया। इसके अलावा मोहल्ला पक्का कटरा में सर्राफा बाजार में बरसात का पानी तीन फीट ऊंची दुकानों में घुस गया।
आंवला के रेलवे स्टेशन रोड, मेन बाजार, भुर्जी टोला, घंटाघर चौक, तहसील रोड सहित तमाम जगहों पर पानी दो तीन फीट भर गया। लोगों ने जलभराव की समस्या दिखाते हुए तस्वीरें और वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर की हैं।
आंवला की रामनगर पुलिस चौकी में कमर तक जलभराव हो गया है, जिससे पुलिसकर्मी परेशान दिखे। वहीं बारिश से किसानों के चेहरे खुशी से खिल गए हैं। किसानों का कहना है कि मानसून की ऐसी बरसात का पिछले काफी दिनों से लोगों को इंतजार था।
मीरगंज कस्बे में भी मूसलाधार बारिश के कारण हालात बिगड़ गए। कस्बे के मोहल्ला ललितपुरी, शिवपुरी, मालीपुरा, रतनपुरी के घरों में गंदा पानी भर गया। सड़कें नहरों में तब्दील हो गईं। लोगों का कहना है कि जलनिकासी न होने से जलभराव की समस्या से जूझना पड़ रहा है।
गरज चमक के साथ मूसलाधार बारिश हो रही है। इज्जतनगर इलाके के गांव अहलादपुर में आकाशीय बिजली गिरने से तीन भैंस मर गईं। तीनों भैंसें किसान रतनलाल की थी। हाईवे किनारे खाली जगह में बंधी हुई थीं। सुबह करीब साढ़े 10 बजे बिजली गिरने से भैंसें मर गईं।



