Bareilly News: अब फरीदपुर टोल प्लाजा तक जाएंगी ई-बसें, दो और रूट निर्धारित
बरेली। ई-बसों की सुविधा अब फरीदपुर टोल प्लाजा तक मिलेगी। दो अन्य रूट भी निर्धारित किए गए हैं। इनमें जंक्शन से शाही और मिनी बाईपास से डेलापीर, बैरियर चौकी, फनसिटी, पटेल चौक, जंक्शन शामिल हैं। रविवार से इन रूटों पर ई-बसों का संचालन शुरू कर दिया गया।
फरीदपुर समेत अन्य रूटों पर ई-बसों के संचालन की मांग काफी समय से की जा रही थी। पिछले महीने मंडलायुक्त सौम्या अग्रवाल की अध्यक्षता में हुई बैठक में तीन नए रूट तय किए गए थे, लेकिन फरीदपुर और भोजीपुरा में टोल प्लाजा होने के कारण इन रूटों पर ई-बसों का संचालन शुरू नहीं किया जा सका। फरीदपुर रोड पर रजऊ परसपुर तक और भोजीपुरा रोड पर सिद्धि विनायक इंस्टीट्यूट तक बसों का संचालन किया जा रहा था।
ज्यादा लोगों को ई-बस सुविधा का लाभ मिल सके, इसके लिए अब बसों को फरीदपुर टोल प्लाजा और शाही तक चलाया जाएगा। इन रूटों पर ई-बसों की सुविधा शुरू होने पर गांव-देहात के लोगों को जंक्शन समेत कलक्ट्रेट, रजिस्ट्री कार्यालय, एसएसपी कार्यालय आदि स्थानों पर आने-जाने में आसानी हो जाएगी। शहर में मिनी बाईपास, डेलापीर, फनसिटी, पटेल चौक समेत अन्य इलाकों में भी ई-बसों की बेहतर कनेक्टविटी मिल सकेगी।
वर्जन
ज्यादा लोगों को ई-बस सेवा का लाभ मिले, इसके लिए कुछ रूट परिवर्तित किए गए हैं। जंक्शन से शाही और जंक्शन से फरीदपुर टोल प्लाजा तक बस सेवा शुरू की गई है। शहर में मिनी बाईपास से डेलापीर, बैरियर चौकी, फनसिटी, जंक्शन के बीच भी ई-बसें चलेंगी। – मानसी दीक्षित, डिपो इंचार्ज, सिटी बस सेवा


