Budaun News: विवाहिता को पीटकर घर से निकाला
बदायूं। दहेज में सोने की चेन, अंगूठी और बाइक नहीं मिलने पर ससुरालियों ने विवाहिता को मारपीट कर घर से निकाल दिया। साथ ही उसका डेढ़ वर्षीय पुत्र भी छीन लिया। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर पति समेत पांच लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
बिल्सी क्षेत्र के गांव नगला डल्लू निवासी पुष्पा शाक्य ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उसकी शादी करीब तीन साल पहले बरेली जिले के थाना आंवला के गांव दराव नगर निवासी हरिश्चंद्र शाक्य के पुत्र अमित के साथ हुई थी। शादी के बाद पति अमित, ससुर हरिश्चंद्र, देवर ओमबाबू, ननद रविता व सास अनारकली दहेज में मिले सामान से खुश नहीं थे।
ससुराल वाले दहेज में सोने की चेन, अंगूठी व बाइक की मांग करने लगे। मांग पूरी नहीं होने पर सभी लोग उसे प्रताड़ित करने लगे। जब उसने यह बात अपने पिता को बताई तो उन्होंने ससुराल वालों को काफी समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे लोग अपनी जिद पर अड़े रहे।
विवाहिता का कहना है कि 21 जून को उसकी ससुराल वालों ने उसे मारपीट कर घर से निकाल दिया। साथ ही उसका डेढ़ वर्षीय पुत्र भी छीन लिया। प्रभारी निरीक्षक बिल्सी बृजेश कुमार सिंह ने बताया कि विवाहिता की शिकायत पर पांच लोगों पर दहेज एक्ट का मामला दर्ज किया गया है। जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी। संवाद


