Bareilly News: सीएम से मिलीं जिला पंचायत अध्यक्ष, बरेली का नाम नाथ नगरी करने की मांग
बरेली। जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल ने मंगलवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर राज्य वित्त आयोग की धनराशि में जिला पंचायत का अंश चतुर्थ राज्य वित्त आयोग की तरह किए जाने और जिला पंचायतों में रिक्त पदों पर नियुक्ति का अधिकार जिला पंचायत अध्यक्षों दिए जाने की मांग की। नाथ कॉरिडोर के निर्माण को स्वीकृति देने के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया। बरेली का नाम बदलकर नाथ नगरी किए जाने का भी आग्रह किया।
दिए गए सुझाव पत्र में जिला पंचायतों की आय बढ़ाने के उपाय करने, जल निगम एवं जिला योजना में जिला पंचायत बोर्ड के प्रस्ताव सम्मिलित किए जाने, जिला पंचायत के देयकों की वसूली के लिए नगरीय निकायों की तरह शक्ति प्रदान करने की मांग की। जिला पंचायतों की ओर से निर्मित कराए जा रहे ग्रामीण मार्गों के मानक को उच्च किए जाने और विकास प्राधिकरण एवं औद्योगिक क्षेत्रों के अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों व गांवों का विकास, प्राधिकरण की ओर से कराए जाने की बात कही है। जिला पंचायत अध्यक्ष के साथ भाजपा नेता प्रशांत पटेल भी मौजूद रहे।



