Pilibhit News: 81 गांवों में बाढ़ का खतरा, सात कंट्रोल रूम बनाए
पीलीभीत। शारदा और देवहा नदी की बाढ़ से संभावित तबाही से बचाव के लिए प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर लेने का दावा किया है। सदर के अलावा पूरनपुर और कलीनगर तहसील क्षेत्र के 81 गांवों में बाढ़ का खतरा बताया गया है। प्रशासन ने सात बाढ़ नियंत्रण कक्ष खोले हैं। 32 बाढ़ चौकियां स्थापित कर उन पर कर्मचारी तैनात कर दिए हैं।
पहाड़ी क्षेत्रों के साथ ही मैदानी इलाकों में भारी बारिश से शारदा और देवहा नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। तटवर्ती गांवों के लोगों को सुरक्षा देने के लिए प्रशासन ने पूरी तैयारी कर ली है। हालांकि अभी कहीं बाढ़ के हालत नहीं बने हैं, लेकिन प्रशासन ने जो रिपोर्ट तैयार की है उसमें सदर, कलीनगर व पूरनपुर तहसील के 81 गांवों में बाढ़ का खतरा जताया गया है। इन गांवों में हर साल बाढ़ आती है।
प्रशासन की ओर से शारदा और देवहा नदी की बाढ़ की विभीषिका से लोगों को बचाने के लिए 33 बाढ़ चौकी और 32 बाढ़ शरणालय भी बनाए गए हैं। गांवों के लोगों की सूचना आदान प्रदान करने के लिए सात बाढ़ नियंत्रण कक्षों को अलग अलग तहसीलों में खोला गया है। सभी बाढ़ चौकियों पर कर्मियों को रोस्टर बनाकर तैनात कर दिया गया है। ग्रामीणों की जरूरत के अनुसार सामग्री भी भेजी जा रही है।
00
ये है बाढ़ से बचाव की तैयारी
बाढ़ नियंत्रण कक्ष- 07
बाढ़ चौकी- 33
बाढ़ शरणालय- 32
गोताखोर- 92
मोटरवोट/नाव- 43
शारदा नदी के बाढ़ प्रभावित गांव- 46
देवहा के बाढ़ प्रभावित गांव- 35
जलस्तर की स्थिति
शारदा नदी का सामान्य जलस्तर- 221.70 मीटर
देवहा नदी का सामान्य जलस्तर- 192 मीटर



