Pilibhit News: शारदा ने अब जंगल की जमीन को बनाया निशाना
संवाद न्यूज एजेंसी, पीलीभीत
Updated Fri, 14 Jul 2023 12:10 AM IST

गांव चंदिया हजारा के समीप कटान करती शारदा नदी । संवाद
पूरनपुर। शारदा नदी ने चंदिया हजारा में शंभू के खेत के साथ ही जंगल की जमीन का कटान भी शुरू कर दिया है। कटान रोकने के लिए वायरकेट (तारों से बंधी पत्थर और रेत भरे कट्टों की दीवार) के नदी में समाने के बाद अब बंबूक्रेट (बांसों में मिट्टी भरे कट्टे फंसाकर बनाई जाने वाली दीवार) बनाने का काम शुरू कर दिया है।
बंबूक्रेट बनाने के लिए बृहस्पतिवार को एक ट्रक बांस गांव चंदिया हजारा पहुंच गए। एक ट्रक बांस और मंगवाए गए हैं। नदी किनारे बंबूक्रेट बनाने के लिए पर्याप्त जगह न होने पर गांव के खेल मैदान में बंबूक्रेट बनाने के लिए 50-60 मजदूर लगाए गए हैं। यहां से इन्हें नदी के कटान के रास्ते पर लगाया जाएगा।
कई दिन से गांव चंदिया हजारा और राहुलनगर के समीप कटान कर रही नदी ने बृहस्पतिवार को शंभू के खेत के समीप जंगल की जमीन का कटान शुरू कर दिया है। बृहस्पतिवार दोपहर अचानक नदी का जलस्तर बढ़ने लगा। नदी तेजी से कटान करते हुए खेतों की ओर बढ़ रही है। कटान रोकने के लिए लगाए गए वायरकेट के नदी में समाने के बाद बृहस्पतिवार को बाढ़ खंड की ओर से बंबूक्रेट बनवाने का काम शुरू किया गया है। इसके लिए करीब 60 मजदूर लगाए गए हैं।
एसडीओ बाढ़ खंड डीएन शुक्ला ने बताया कि कटान रोकने के हर संभव कोशिश की जा रही है। बृहस्पतिवार को एक ट्रक बांस चंदिया हजारा पहुंच गया। जिससे बंबूक्रेट बनना शुरू हो गए। एक ट्रक बांस और मंगवाया गया है। कटान न रुकने तक कोशिश जारी रहेगी। तहसीलदार ध्रुवनरायण यादव ने बताया कि बनबसा बैराज से नदी में बृहस्पतिवार सुबह 30719 क्यूसेक पानी शारदा नदी में छोड़ा गया है।

गांव चंदिया हजारा के समीप कटान करती शारदा नदी । संवाद