Rampur News: अब जल और पर्यावरण संरक्षण के कार्य भी कराएंगे विधायक
रामपुर। लोकसभा व राज्यसभा सदस्य की तरह अब विधानसभा व विधान परिषद सदस्य को भी हर साल विकास कार्य करने के लिए पांच करोड़ रुपये निधि के तहत मिलेंगे। शासन ने विधानमंडल क्षेत्र विकास निधि बढ़ाने का शासनादेश जारी कर दिया है। इसका लाभ रामपुर समेत अन्य जिलों के 403 विधायक व 100 विधान परिषद सदस्य को मिलेगा। विधायक निधि के खर्च के लिए नए कार्य भी जोड़े गए हैं। इनमें जल व पर्यावरण संरक्षण के कार्य भी शामिल हैं। अब निधि से 28 प्रकार के कार्य हो सकेंगे। वहीं विधानमंडल क्षेत्र विकास निधि से प्रबंध समिति को विद्यालय के विकास के लिए धनराशि आवंटित की जा सकेगी।
विधायक निधि से ये कार्य होंगे
विद्यालयों के प्रवेश द्वार व प्रवेश स्थल का सुंदरीकरण, स्कूलों में इंटरलॉकिंग, नाली व विभिन्न मरम्मत कार्य, स्मार्ट क्लास के लिए आवश्यक उपकरण, बिजली आपूर्ति के लिए सौर ऊर्जा, जनरेटर, इन्वर्टर, बैट्री, पार्क व पुस्तकालय, मिड-डे-मील के लिए किचन व भोजन स्थल का निर्माण व मरम्मत, भवन की रंगाई-पुताई, बिजली की फिटिंग, फर्श, इंटरलॉकिंग, टाइल्स, खेल उपकरण, पानी की टंकी, सामुदायिक भवन, पंचायत घर, बरात घर का निर्माण, ग्रामीण संपर्क मार्ग का निर्माण, विभिन्न सार्वजनिक उपयोग की इमारतों का निर्माण व मरम्मत, सार्वजनिक स्थल पर सौर ऊर्जा संयत्र व जनरेटर की स्थापना, ऐतिहासिक व पर्यटन स्थलों का विकास, विभिन्न सरकारी एवं सार्वजनिक कार्य की संस्थाओं में विभिन्न उपकरणों की स्थापना, तालाबों का पुनरोद्धार, पौधारोपण, पार्क का निर्माण, जिम सेंटर की स्थापना, सिंचाई संयंत्र की स्थापना, सार्वजनिक उपयोग के लिए ट्रैक्टर, वॉटर टैंकर, जेसीबी, कूड़ा गाड़ी, पशुओं के लिए एंबुलेंस की खरीदारी, नदी, नाला व चैकडैम की खोदाई व सफाई, राष्ट्रीय ध्वज की स्थापना आदि।
क्या बोले अधिकारी
विधानमंडल क्षेत्र विकास निधि अब तीन से बढ़ाकर पांच करोड़ रुपये कर दी गई है। निधि के तहत कुछ नए कार्य भी शामिल किए गए हैं। जनप्रतिनिधियों से नई गाइडलाइन के अनुसार प्रस्ताव मांगे जा रहे हैं।
मंसाराम यादव, परियोजना निदेशक, डीआरडीए रामपुर।

