Rampur News: बुखार का बढ़ा प्रकोप, 15 दिनों में 180 मरीज कराए गए भर्ती
रामपुर। बारिश के बीच अब संक्रामक बीमारियों का खतरा मंडराने लगा है। विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान के तहत साफ-सफाई, फॉगिंग और दवाओं के छिड़काव के दावे किए जा रहे हैं। इसके बावजूद बुखार और डायरिया मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है। जिला अस्पताल में 15 दिनों में बुखार से पीड़ित 180 और डायरिया से पीड़ित 95 मरीज भर्ती किए जा चुके हैं। वहीं सोमवार को ओपीडी में 1121 मरीज पहुंचे।
डॉक्टरों के अनुसार इन दिनों तापमान में गिरावट आई है। बीते दिनों में न्यूनतम तापमाप 25 डिग्री तक पहुंच गया। इसके बाद भी लोगों ने कूलर, एसी का इस्तेमाल बंद नहीं किया। इसके चलते लोग बीमार पड़ने लगे। कमजोर रोग प्रतिरोधक क्षमता के लोग अधिक बीमार हो रहे हैं।
जिला अस्पताल की ओपीडी में मरीजों की लाइनें लग रही हैं। सोमवार को ओपीडी में 1121 मरीज पहुंचे, जिसमें 223 बुखार और 110 डायरिया पीड़ित थे। इनमें से 18 बुखार और 12 डायरिया पीड़ितों को भर्ती कर लिया गया। अस्पताल में इलाज के लिए पहुंचे पंजाबनगर के राजकुमार ने कहा कि अगर मरीजों को सीएचसी पर ही बेहतर उपचार मिल जाए तो जिला अस्पताल की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी। जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. एचके मित्रा ने बताया कि ओपीडी में आने वाले गंभीर मरीजों को भर्ती किया जा रहा है। अस्पताल में विशेषज्ञ डॉक्टरों के द्वारा मरीजों का बेहतर उपचार किया जा रहा है।
भर्ती मरीजों का आंकड़ा
माह बुखार डायरिया
मई 400 422
जून 422 368
जुलाई (15 दिन) 180 95
बीते कुछ दिनों से बारिश बाद धूप निकलने से उमस काफी बढ़ रही है। ऐसे मौसम में सेहत का ख्याल रखना जरूरी है। इसलिए बारिश में भीगने से बचें। धूप में छाता लेकर जाएं और खानपान पर विशेष ध्यान दें।
ऐसे करें बीमारियों से बचाव
-ठंडे पेय पदार्थ बिल्कुल न पीएं।
-तापमान सामान्य है तो कूलर, एसी न चलाएं।
-बारिश में न भीगें। धूप में छाता लेकर निकलें।
-छीकतें समय नाक पर रुमाल रखें।
-खाने में तला-भुना न खाएं।

