डेंगू की दस्तक : नरपतनगर दूंदावाला के दो लोगों में पुष्टि
रामपुर। बारिश के मौसम में संक्रामक बीमारियों ने दस्तक दे दी है। नगर पंचायत नरपतनगर दूंदावाला में दो लोगों में डेंगू की पुष्टि हुई है। पिछले साल रिकॉर्ड डेंगू के 434 मामले आए थे।
संचारी रोगों पर रोकथाम के लिए एक जुलाई से संचारी रोग नियंत्रण अभियान चल रहा है। जिसमें 17 जुलाई से घर-घर जाकर स्वास्थ्य टीमों के लोगों को जागरूक करने और उनके उपचार करने का दावा स्वास्थ्य विभाग की ओर से किया जा रहा है। जबकि हकीकत ये है कि अभियान को लेकर कहीं पर कोई जागरूकता या प्रयास नजर नहीं आ रहे हैं। गांवों में गंदगी की वजह से बीमारियां फैल रही हैं। इस पर प्रभावी उपाय नहीं किए जा रहे हैं।
मंगलवार को नरपतनगर दूंदावाला में दो लोगों में डेंगू की पुष्टि हुई है। मगर स्वास्थ्य विभाग को इसकी जानकारी नहीं है। विभाग के अधिकारियों ने डेंगू की पुष्टि के लिए दोनों मरीजों का एलाइजा टेस्ट कराने की बात कही है। वहीं नोडल अधिकारी डॉ. केके चहल ने बताया कि जिले में डेंगू का कोई केस नहीं है। सभी संदिग्ध मरीजों की डेंगू और मलेरिया की जांच की जा रही है।
निजी अस्पताल में भर्ती है दोनों
स्वार। नगर पंचायत के वार्ड-8 में जुल्फिकार (22) और मोहम्मद शफी (55) की जांच रिपोर्ट में डेंगू की पुष्टि हुई है। दोनों को बीते कुछ दिनों से बुखार आ रहा था। इनमें जुल्फिकार का स्वार के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है और मोहम्मद शफी को निकटतम बाजपुर उत्तराखंड में भर्ती कराया गया है। दोनों ने निजी लैब में डेंगू की जांच कराई थी, जो पॉजीटिव आई। नगर पंचायत में कई और लोग भी बुखार की चपेट में है। मोहल्ले के लोगों का कहना है कि जल निकासी का प्रबंधन न होने की वजह से वार्ड में हमेशा जलभराव की समस्या बनी रहती है। इससे लोगों के बीमार होने की आशंका अधिक है। संवाद
पिछले साल आए थे रिकॉर्ड 434 मामले
पिछले साल डेंगू के रिकॉर्ड 434 मामले आए थे। तब अक्तूबर से दिसंबर तक डेंगू का प्रकोप देखने को मिला था। इस वर्ष जुलाई में ही डेंगू की शुरुआत हो चुकी है। सरकारी रिकॉर्ड में डेंगू भले ही शून्य हो लेकिन निजी लैब पर जांच में बीमार लोगों में डेंगू की पुष्टि होने लगी है।
– 17 जुलाई से स्वास्थ्य टीमें घर-घर जाकर दस्तक दे रही हैं। बुखार पीड़ित लोगों की जांच कर उनको उपचार दिया जा रहा है। अभी जिले में डेंगू का कोई मामला नहीं है।
– नपं नरपतनगर में डेंगू पीड़ितों के बारे में जानकारी मिली है। टीम भेजी जा रही है। मच्छर उन्मूलन के लिए छिड़काव और मच्छरदानियां उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जा रही है। सीएचसी में डेंगू की जांच और उपचार की समुचित व्यवस्था है। डेंगू वार्ड की व्यवस्था भी है। यदि किसी भी व्यक्ति को बुखार अथवा डेंगू की आशंका हो तो वह सीएचसी आए। -डॉ. देवेश चौधरी सीएचसी अधीक्षक स्वार
नगर पंचायत सदस्य कर चुके हैं शिकायत
नगर पंचायत सदस्यों ने संपूर्ण समाधान दिवस में समस्या को लेकर ज्ञापन सौंपा था, लेकिन आज तक समाधान नहीं हुआ। सदस्यों ने सीमेंट वाले तालाब को जाने वाले नाले-नालियां बंद होने ओर कुछ लोगों द्वारा किए गए अवैध कब्जों की शिकायत की थी। इस कारण जल निकासी ठप है और जलभराव की समस्या बन गई है। ज्ञापन में कहा था कि कुछ लोगों के घर गिरने की स्थिति में होने की वजह से घर भी छोड़ गए हैं। लोगों द्वारा अपने घर भी खाली कर दिए हैं। शिकायत करने वालों में सिराज, इस्लाम, रियासत, अरमान, गुल मेहनाज, अरमान अली शामिल थे।

