Badaun: कांवड़ियों के वेश में लूटपाट करने वाले तीन गिरफ्तार, तीन तमंचे, 37 हजार रुपये और बाइक बरामद

पुलिस की गिरफ्त में आरोपी
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
मुजरिया थाना पुलिस ने कांवड़ियों के वेश में लूटपाट करने वाले तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से लूट के 37 हजार रुपये, तीन तमंचे, मोबाइल, आधार कार्ड, एटीएम कार्ड और बाइक बरामद हुई है।
इंस्पेक्टर दिनेश कुमार शर्मा ने बताया कि 16 जुलाई को सगराय और अलीगंज के बीच संभल जिले के हयातनगर थाना क्षेत्र के गांव जोगीपुर निवासी शहबाज से तीन बदमाशों ने पचास हजार रुपये लूट लिए थे। एक दिन पहले शहबाज के मोबाइल पर पुराना ट्रैक्टर बेचने के लिए कॉल आई थी।
उन्होंने पहले ट्रैक्टर दिखाने को कहा था। उसके अनुसार शहबाज अपने फुफेरे भाई और मिस्त्री को लेकर ट्रैक्टर देखने जा रहा था। तभी सगराय के नजदीक कांवड़ियों के वेश में तीन बदमाशों ने तमंचा दिखाकर 50 हजार रुपये, एटीएम कार्ड, आधार कार्ड आदि लूट लिया।
इस संबंध में पुलिस ने मामला दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी। मंगलवार को पुलिस ने सराय गांव के नजदीक से सहसवान कोतवाली क्षेत्र के गांव भगतपुर निवासी गजेंद्र उर्फ मोनू उर्फ राजवीर पुत्र कृष्णपाल यादव, उसके गांव का बादशाह उर्फ टिंकू पुत्र नेम सिंह और मुजरिया के मटकुली निवासी रविंद्र यादव पुत्र वीरपाल फौजी को पकड़ा। तलाशी में उनके पास से लूट का सामान बरामद हुआ।
पूछताछ में उन्होंने बताया कि वह गैंग बनाकर लूटपाट और छिनैती करते है। पिछले महीने भी ट्रैक्टर खरीदने वालों से बडेरिया के नजदीक लूटपाट की थी। सगराय के नजदीक भी उन्होंने ट्रैक्टर खरीदने जा रहे शहबाज से लूटपाट की थी। पुलिस ने तीनों बदमाशों को जेल भेज दिया है।