Rampur News: एप से होगा परीक्षा केंद्रों का निर्धारण, जियो टैगिंग शुरू
रामपुर। यूपी बोर्ड की परीक्षाओं में अभी काफी समय है, लेकिन बोर्ड की ओर से केंद्र निर्धारण प्रक्रिया का कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। इस बार एप के जरिये परीक्षा केंद्र का निर्धारण किया जाएगा। इस एप पर जिले के सभी 214 कॉलेजों की सूचनाएं दर्ज करने के निर्देश मिले हैं।
पिछले सत्र की तरह इस सत्र में भी बोर्ड समय से परीक्षाएं आयोजित करा परिणाम जारी करना चाहता है। इसलिए परीक्षा केंद्रों के निर्धारण के संबंध में दिशा-निर्देश जारी किए हैं। हाल ही में सीबीएसई ने 10वीं व 12वीं की परीक्षाओं का कार्यक्रम जारी कर दिया। इसको देखते हुए अब यूपी बोर्ड ने भी परीक्षा केंद्रों के निर्धारण की प्रक्रिया के संबंध में निर्देश दिए हैं। कहा है कि सभी जिलों में कॉलेजों की सूचना बोर्ड की ओर से विकसित नवीन एप में दर्ज की जाएंगी। एप में कॉलेजों की सभी मूलभूत सुविधाओं का ब्योरा दर्ज करना होगा। एप के जरिये कॉलेजों की जियो टैगिंग शुरू करने के निर्देश प्राप्त हुए हैं। जिसके बाद बोर्ड से केंद्र निर्धारण नीति जारी होगी। दिसंबर में केंद्रों की घोषणा होने की उम्मीद है।
जिला विद्यालय निरीक्षक मुन्ने अली ने बताया कि वर्ष 2024 की बोर्ड परीक्षाओं के लिए केंद्र निर्धारण से पहले कॉलेजों की जियो टैगिंग बोर्ड के एप पर की जाएगी। इसके लिए सभी कॉलेजों के प्रधानाचार्यों को निर्देश दिए जा चुके हैं। सभी कॉलेजों में अगस्त तक इस काम को पूरा करना है। इसमें देरी नहीं की जाएगी।

