शाहजहाँपुर

Shahjahanpur News: 33 केवी लाइन ब्रेकडाउन, गोविंदगंज और बहादुरगंज के उपभोक्ता प्रभावित

Connect News 24

33 KV line breakdown, Govindganj and Bahadurganj consumers affected

कलान में विद्युत उपकेंद्र पर एकत्रित भीड़

शाहजहांपुर। भीषण गर्मी में बिजली की लाइन ब्रेकडाउन होने की वजह से बहादुरगंज और गोविंदगंज की आपूर्ति ठप हो गई। सुबह फाल्ट आने के बाद निगम के अफसरों की हीला-हवाली के चलते बहादुरगंज उपकेंद्र को गोविंदगंज से नहीं जोड़ा जा सका। इसके चलते लोगों को पानी तक नसीब नहीं हो सका।

मंगलवार की सुबह करीब छह बजे बहादुरगंज की बिजली की लाइन ब्रेकडाउन हो गई। सप्लाई बाधित होने के बाद लोग परेशान हो गए। निगम के अफसरों की लापरवाही के कारण सप्लाई को गोविंदगंज से जोड़ने में देरी की गई। दो घंटे के बाद गोविंदगंज से सप्लाई को जोड़कर बिजली दी गई। तब लोगों ने राहत की सांस ली। कर्मचारियों ने गश्त की तो एक जगह पर लाइन से पेड़ की डाल छूती मिली।

वहीं दूसरी ओर करीब साढ़े तीन बजे गोविंदगंज की बिजली आपूर्ति जवाब दे गई। 33 केवी लाइन में फाल्ट आने से करीब नौ हजार उपभोक्ताओं के घरों के विद्युत संचालित उपकरण ठप हो गए। अवर अभियंता गुलशन कुमार ने लाइन पर गश्त शुरू कराई तो इमली रोड पर जंपर जला मिला। करीब डेढ़ घंटे के बाद उसे सही कराकर आपूर्ति को बहाल कर दिया गया।

जलालाबाद : ओवरलोडिंग के चलते ट्रिपिंग की समस्या से जूझ रहे लोग

जलालाबाद। करीब एक सप्ताह से नगर की बिजली सप्लाई व्यवस्था पटरी से उतरी हुई है। उपभोक्ता कई घंटे की होने वाली कटौती से ज्यादा बार-बार की ट्रिपिंग और लो-वोल्टेज की समस्या से परेशान हैं। शाम को सात बजे से रात 12 बजे तक दस से पंद्रह मिनट के अंतराल पर बिजली का आना-जाना लोगों को सबसे ज्यादा अखर रहा है। एसडीओ महेंद्र सिंह ने बताया कि ओवरलोड और पुरानी लाइन आदि के चलते बार-बार फाल्ट होते हैं। इस कारण सप्लाई बाधित होती है। तार बदलवाने का काम शुरू हो चुका है। संवाद

संविदा कर्मियों ने की अभद्रता, नाराज लोगों ने उपकेंद्र घेरा

कलान। विद्युत उपकेंद्र में पांच एमवीए का ट्रांसफार्मर खराब होने व इतनी ही क्षमता का अतिरिक्त ट्रांसफार्मर मिर्जापुर में भेजने के बाद बिजली का संकट खड़ा हो गया। नाराज लोगों ने देहात क्षेत्र में सप्लाई की कटौती होने पर उपकेंद्र पर हंगामा किया। देर रात में नगरीय क्षेत्र के उपभोक्ता भी मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि संविदा कर्मियों ने उपभोक्ताओं से अभद्रता करते हुए गाली-गलौज की और डंडा लेकर दौड़ पड़ा। इससे नाराज उपभोक्ताओं ने हंगामा करते हुए धरना शुरू कर दिया। नगर पंचायत चेयरमैन हरनारायण गुप्ता ने लोगों को पहुंचकर समझाया। भीड़ बढ़ने पर रात करीब साढ़े दस बजे नायब तहसीलदार पूनम मधुकर व पंकज कुमार पहुंचे और लोगों से बातचीत की। इस दौरान मोहित गुप्ता, सनी गुप्ता, प्रशांत गुप्ता, शिवा गुप्ता, नितिन वर्मा, साधु वर्मा आदि मौजूद रहे। संवाद

मिर्जापुर में चार दिन से बिजली नहीं

मिर्जापुर। कस्बे में शनिवार सुबह चार बजे सहकारी संघ के निकट लगा विद्युत ट्रांसफार्मर फुंक गया था। इसे संविदाकर्मियों ने शनिवार रात डेढ़ बजे बदल दिया था। बिजली सप्लाई शुरू होते ही तेज आवाज के साथ नया ट्रांसफार्मर भी फुंक गया। इससे मंगलवार को चौथे दिन भी बिजली सप्लाई सुचारू नहीं हो सकी है। संवाद

कलान में विद्युत उपकेंद्र पर एकत्रित भीड़

कलान में विद्युत उपकेंद्र पर एकत्रित भीड़


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button