Shahjahanpur News: खन्नौत पर बनी कॉलोनी की पैमाइश हुई, सात को नोटिस
शाहजहांपुर। खन्नौत नदी की जमीन पर बनी कॉलोनी की राजस्व विभाग टीम ने मंगलवार को पैमाइश की। टीम ने मैरिज लॉन सहित आधी से ज्यादा कॉलोनी नदी की जमीन पर बसी होने की आशंका जताई है। कुछ लोगों ने जमीन का बैनामा होने की बात कहते हुए कार्रवाई का विरोध किया। पैमाइश पूरी होने के बाद तहसीलदार ने सात लोगों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है।
खन्नौत नदी की जमीन पर अवैध कॉलोनी बनी होने की बात काफी समय से उठ रही है। कहा जा रहा था कि एक दर्जन से ज्यादा मकान नदी की जमीन पर बने हुए हैं। मंगलवार को तहसील की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। टीम ने बताया कि सबसे ज्यादा शिकायतें यहां बनाए गए मैरिज लॉन को लेकर हैं। जिस जमीन पर मकान नहीं बनाए जा सकते हैं, उस जमीन पर कामर्शियल कार्य होने को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं। क्षेत्र के ज्यादातर लोगों के पास जमीन के बैनामे हैं। तहसील की टीम ने बताया कि खन्नौत की जमीन पर कब्जा कर कॉलोनी बसाने की आशंका है। फिलहाल सात लोगों को नोटिस दिया गया है।
खन्नौत नदी की जमीन पर कब्जे की खबर को लेकर टीम भेजी गई थी। पैमाइश कराई गई है। कुछ लोगों को नोटिस भी जारी किए गए हैं।
– डॉ. वेद प्रकाश मिश्रा, सिटी मजिस्ट्रेट