Pilibhit News: तीन ट्रांसफार्मर फुंकने से 400 घरों की बिजली गुल

पूरनपुर के सर्राफा बाजार में जलता बिजली ट्रांसफार्मर । संवाद
पूरनपुर। तीन ट्रांसफार्मर फुंकने से नगर के 400 घरों की बिजली गुल हो गई है। घनी आबादी के बीच सराफा बाजार में रखा ट्रांसफार्मर धू-धू कर जलता रहा, लेकिन सूचना देने के बाद भी ऊर्जा निगम के कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचे। बृहस्पतिवार शाम से फीडर एक, तीन और चार से बिजली की आपूर्ति भी बाधित रही। लोगों को भीषण गर्मी में बिजली न आने से भारी असुविधा हुई। उन्हें रात जाग कर गुजारनी पड़ी।
ओवरलोड और भीषण गर्मी में हांफ रहे ट्रांसफार्मरों के फुंकने का क्रम जारी है। मोहल्ला कायस्थान में जिला सहकारी बैंक शाखा के समीप रखा 250 केवीए का ट्रांसफार्मर बृहस्पतिवार को फुंक गया। इससे मोहल्ला कायस्थान के अलावा आसपास के मोहल्लों के 250 से अधिक घरों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। इस ट्रांसफार्मर को अब तक नहीं बदला गया है।
बृहस्पतिवार शाम को सराफा बाजार में रखा ट्रांसफार्मर भी धू-धू कर जलने लगा। आग की ऊंची लपटे निकलते देख आसपास के लोगों में खलबली मच गई। इस ट्रांसफार्मर को भी शुक्रवार शाम छह बजे तक नहीं बदला जा सका। इसके अलावा सिरसा रोड पर एक धार्मिक स्थल के समीप रखा 10 केवीए का ट्रांसफार्मर भी शुक्रवार दोपहर फुंक गया। इससे आसपास क्षेत्र के तीन सौ से अधिक घरों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। बृृहस्पतिवार पूरी रात नगर के फीडर एक, तीन और चार में कई बार फाल्ट आने से घंटों बिजली आपूर्ति ठप रही।
सर्वाधिक फॉल्ट फीडर नंबर एक में होने से 24 घंटे में 12 बार से अधिक बिजली आपूर्ति बाधित हुई। पूरनपुर देहात में एक बरातघर और धार्मिक स्थल के समीप तार टूटने से बिजली आपूर्ति घंटों ठप रही। जेई जयपाल ने बताया कि भीषण गर्मी में ओवरलोड़ के चलते ट्रांसफार्मर फुंके हैं। इसी वजह से फाल्ट भी हुए है। फुंंके ट्रांसफार्मरों को बदलवाया जा रहा है।



