Pilibhit News: बेनहर फीडर की ट्रॉली में फॉल्ट से चार घंटे बाधित रही कई मोहल्लों की बिजली

बेनहर फीडर की ट्रॉली में काम करते कर्मचारी । संवाद
पीलीभीत। बेनहर फीडर की ट्रॉली में फॉल्ट आने से संबंधित मोहल्लों में बिजली आपूर्ति कई घंटे प्रभावित रही। इसके अलावा शहर के विभिन्न मोहल्लों में एक फेस न आने समेत अन्य दिक्कतों के चलते बिजली आपूर्ति प्रभावित रही। दिन भर बिजली कर्मचारी फॉल्ट दुरुस्त करने के लिए भागते रहे।
शुक्रवार को उमस भरी गर्मी से जनजीवन पूरी तरह अस्तव्यस्त रहा। भीषण गर्मी में लाइट न मिल पाने के कारण लोग बिलबिला गए। पेड़ों की हवा भी गर्मी से राहत नहीं दे पाई। बृहस्पतिवार रात 12 बजे के बाद से ही जगह-जगह हुए फॉल्ट से बिजली गुल होती रही। गौहनिया चौराहे की तरफ पिछले कई दिनों से लो वोल्टेज की समस्या बनी हुई है। चावला चौराहे की तरफ बृहस्पतिवार को पूरी रात लोगों को बिजली की सप्लाई नहीं मिल सकी।
इसके बाद जब आपूर्ति सुचारू हुई तो एक फेस न आने से लोग परेशान होते रहे। पुरानी तहसील पर रात 10 बजे के बाद एक फेस न आने से लोगों के विद्युत उपकरण नहीं चल सके। मोहल्ला शेख चांद में रात 12 बजे के बाद बिजली नहीं मिल सकी। तिरूपति गोल्डन पार्क में भी लोगों को लाइट नहीं मिल सकी। वहीं शहर के बेनहर फीडर की ट्रॉली में खराबी आ जाने से लगभग चार घंटा तक बिजली आपूर्ति ठप रही। इसके अलावा शहर के खकरा फीडर, अशोक काॅलोनी, अग्रवाल सभा,मोती राम चौराहा,जेपी रोड, पुरानी तहसील,महिला थाने के सामने, सिंधी धर्मशाला आदि जगहों पर लाइट कई घंटों तक प्रभावित रही। जानकारी मिलने पर बिजली कर्मियों ने वहां पहुंचकर बिजली व्यवस्था को दुरूस्त किया। हालांकि शहर के अन्य इलाकों में भी ट्रपिंग की समस्या विकराल बनी रही।



