Budaun News: दियोरिया में चले लाठी-डंडे, चार घायल
– सड़क किनारे पौधे लगाने पर हुआ विवाद
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। मूसाझाग थाना क्षेत्र के गांव दियोरिया में सड़क किनारे पौधे लगाने पर दो पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले। इसमें दोनों पक्षों के चार लोग घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल भेज दिया है। अभी मामले में एफआईआर दर्ज नहीं हुई है।
ग्राम दियोरिया निवासी हरीश चंद्र रविवार सुबह अपने खेत में कच्चे रास्ते किनारे पौधे लगा रहे थे। इसी दौरान गांव के रघुनंदन खेत पहुंचे। जब उन्होंने हरीश चंद्र को पौधे लगाते देखा तो उन्होंने इन्हें कुछ पीछे हटाकर लगाने को कहा।
रघुनंदन ने कहा कि वह सड़क किनारे पौधे लगा देगा तो उसका वाहन नहीं निकलेगा। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। बाद में गाली-गलौज के बाद मारपीट हो गई। यह देखकर रघुनंदन का बेटा संजू और अशोक आ गए। हरीश चंद्र का बेटा आराम सिंह भी आ गया। दोनों ओर से खूब लाठी-डंडे चले।
शोर-शराबा सुनकर गांव के तमाम लोग आ गए। उन्होंने किसी तरह दोनों पक्षों में बीच-बचाव कराया। घटना में रघुनंदन, संजू, अशोक और आराम सिंह घायल हो गए। सूचना पर थाना पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल भेजा। एसओ शिवेंद्र भदौरिया ने बताया कि गांव में पौधे लगाने को लेकर मारपीट हुई है। तहरीर आने पर कार्रवाई की जाएगी।



