Bareilly News: मरीजों को नहीं मिलती संक्रामक बीमारियों की ऑनलाइन जांच रिपोर्ट
बरेली। स्वास्थ्य विभाग ने कोरोना की तर्ज पर संक्रामक बीमारियों की रोकथाम के लिए अनडिटेक्टेड सर्विलांस प्लेटफाॅर्म (यूडीएसपी) को शुरू किया था। इससे मरीजों को संक्रामक बीमारियों से संबंधी जांचों की रिपोर्ट ऑनलाइन मिलनी थी लेकिन यहां इस पोर्टल की शुरुआत ही नहीं हो सकी। लोग आए दिन जिला अस्पताल की पैथाेलॉजी में अपनी जांच रिपोर्ट लेने के लिए इंतजार करते देखे जा सकते हैं।
जिला अस्पताल की पैथाेलॉजी के आंकड़ों के मुताबिक, प्रतिदिन दो से ढाई सौ मरीज जांच कराने के लिए पहुंचते हैं। वर्तमान में 30 फीसदी मरीज संक्रामक बीमारियों के हैं। मरीजों को समय पर जांच रिपोर्ट मिल सके, इसके लिए स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग ने यूडीएसपी की शुरुआत की। वर्तमान में इस पोर्टल के जरिये डेंगू, मलेरिया, वायरल बुखार, चिकनगुनिया, कालाजार की रिपोर्ट दिए जाने की सुविधा है। हालांकि विभाग ने आने वाले समय में अन्य सभी स्वास्थ्य संबंधी जांचों को इसमें शामिल करने की योजना भी बनाई है लेकिन जिले में इस पोर्टल का उपयोग ही नहीं किया जा रहा है। मरीजों को पहले की भांति नमूना देने के बाद जांच रिपोर्ट के लिए घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। रिपोर्ट न मिलने पर पैथाेलॉजी के दो तीन चक्कर लगाने पड़ जाते हैं।
इनकी भी सुनिए
फोटो-
मैंने अपनी जांच के लिए खून का सैंपल सुबह नौ बजे दिया था। बुखार की वजह से यहां पैथाेलॉजी के बाहर खड़े होकर इंतजार में परेशानी होती है। ऑनलाइन रिपोर्ट मिलने के बारे में मुझे किसी ने बताया ही नहीं। – उल्फत सिंह, कठेरिया
फोटो-
कई दिनों से बुखार आ रहा है और दाने निकल रहे हैं। लोगों ने सलाह दी कि जिला अस्पताल जाओ। यहां डॉक्टर को दिखाया तो उन्होंने जांचें लिखीं। सुबह 10 बजे के बाद से बैठी हूं। अभी तक रिपोर्ट नहीं मिली। – रेशमा, आंवला
वर्जन
जिला अस्पताल से विभागीय अधिकारियों को तो रिपोर्ट भेजी जा रही है लेकिन पैथोलॉजी अभी आभा आईडी से नहीं जुड़ी है। ऐसे में मरीजों को ऑनलाइन रिपोर्ट नहीं दी जा रही है। इस पर काम किया जा रहा है। मरीजों को यह सुविधा जल्द मिलने लगेगी।-
डॉ अलका शर्मा, सीएमएस, जिला अस्पताल



