Pilibhit News: हाथियों पर सवार होकर रखी नेपाल बॉर्डर पर नजर
संवाद न्यूज एजेंसी, पीलीभीत
Updated Wed, 26 Jul 2023 12:20 AM IST

लग्गा भग्गा के जंगल में संयुक्त गश्त करते दोनों देशों के वनकर्मी। ।
कलीनगर। वन और वन्यजीवों की सुरक्षा के साथ अवैध गतिविधियों को रोकने के लिए नेपाल सीमा पर सतर्कता बढ़ा दी गई है। मंगलवार को नौजल्हा वन चौकी और नेपाल की शुक्ला फांटा सेंचुरी के वन अफसरों ने लग्गा भग्गा के जंगल में गश्त कर स्थिति परखी। पैदल गश्त के साथ ही हाथियों से भी नजर रखी गई।
नेपाल की खुली सीमा होने के चलते पीटीआर प्रशासन अलर्ट रहता है। शारदा नदी पार बराही रेंज का लग्गा भग्गा का जंगल क्षेत्र भी पड़ता है। वन्यजीव भी दोनों देशों की सीमा के जंगल में विचरण करते रहते हैं। दस दिन पूर्व से सात हाथी भी लग्गा भग्गा के जंगल में डेरा जमाए हैं। बीहड़ इलाका होने के चलते तस्कर भी सक्रिय रहते हैं। पूर्व में कई बार धरपकड़ भी होती रही है।
वाइल्डलाइफ क्राइम कंट्रोल ब्यूरो की ओर से अलर्ट के बाद सक्रियता अधिक बढ़ाई गई है। एक माह में दूसरी बार संयुक्त गश्त को अंजाम दिया गया। मंगलवार को नौजल्हा चौकी के इंचार्ज डिप्टी रेंजर सहीर अहमद के नेतृत्व में रवी, सुरेंद्र ने लग्गा भग्गा पहुंचकर नेपाल के वन अफसरों के साथ सीमा पर गश्त की। पैदल गश्त के अलावा बीहड़ इलाकों में हाथियों पर सवार होकर नजर रखी गई। नेपाल की ओर से रेंजर भूवन चौधरी, डिप्टी रेंजर धानबध्र, हेमराज पंत समेत वनकर्मी शामिल रहे।