Budaun News: पचास लाख की अफीम के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

दातागंज कोतवाली में खड़े अफीम तस्कर।
एएनटीएफ और दातागंज पुलिस ने ब्राह्मपुर चौराहे से दोनों को पकड़ा, ढाई किलो अफीम बरामद
संवाद न्यूज एजेंसी
दातागंज (बदायूं)। एएनटीएफ (एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स) और दातागंज पुलिस ने बुधवार दोपहर संयुक्त रूप से अभियान चलाकर ब्राह्मपुर चौराहे से दो तस्करों को गिरफ्तार किया। दोनों के पास से करीब ढाई किलो अफीम बरामद हुई है। उसकी अनुमानित कीमत करीब 50 लाख रुपये बताई जा रही है।
इंस्पेक्टर दातागंज सौरभ सिंह ने बताया कि एएनटीएफ बरेली और पुलिस को संयुक्त रूप से जानकारी मिली कि दातागंज इलाके में अफीम की बड़ी तस्करी होने वाली है। तस्कर ब्राह्मपुर चौराहे से गुजरने वाले हैं। इस पर दोनों टीमों ने ब्राह्मपुर गांव के चौराहे की घेराबंदी कर दी। टीम ने मयंक कम्युनिकेशन के सामने से दो तस्करों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी में उनके पास दो किलो 550 ग्राम अफीम बरामद हुई।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत करीब 50 लाख रुपये बताई जा रही है। तस्करों से दो मोबाइल और 240 रुपये भी बरामद हुए। उन्हें गिरफ्तार करके कोतवाली ले जाया गया। जहां पूछताछ के दौरान उन्होंने अपने नाम ग्राम ब्राह्मपुर निवासी प्रेमशंकर पुत्र रामस्वरुप और पुष्पेंद्र पुत्र जयराम मौर्य बताए।
उन्होंने बताया कि वह एक साथ अफीम का धंधा कर रहे हैं। वह पंजाब और अन्य जगहों से आने वाले ग्राहकों को अच्छे दाम में अफीम बेच देते हैं। पकड़े गए तस्करों में पुष्पेंद्र पूर्व कोटेदार है। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर दोनों तस्करों को जेल भेज दिया है। टीम में एएनटीएफ के एसआई विकास यादव, हेड कांस्टेबल दिनेश कुमार, कांस्टेबल सौरभ चौधरी, अंकित यादव और दातागंज कोतवाली से इंस्पेक्टर सौरभ सिंह और उनकी टीम का सहयोग रहा।