बरेली

Bareilly News: फिजा में गूंजी या हुसैन की सदाएं

Connect News 24

सेंथल। जुल्म के खिलाफ मैदान-ए-कर्बला में जाम-ए-शहादत नोश फरमाने वाले हजरत इमाम हुसैन और शोहदा-ए-कर्बला की याद में शनिवार को रास्तों से लेकर कर्बला तक या हुसैन की सदाएं गूंजती रहीं। तख्त-ओ ताजियों के जुलूस लेकर तजियेदार कर्बला पहुंचे। यहां ताजियों को दफन कर अजादारों ने चरागां कर दुआएं मांगी। शिया समुदाय के जुलूस में अकीदतमंदों ने या हुसैन की सदाओं के बीच जंजीर और कमा का मातम किया।

शनिवार को यौम-ए-आशूरा पर सुबह से ही कस्बे में माहौल गमगीन था। सुबह बजे जैसे ही इमामबाड़ा कला पर अंजुमन असगरिया, अंजुमन हैदरी, अंजुमन पंजेतनी, अंजुमन जुल्फिकारे हैदरी के जुलूस-ए-अलम पहुंचे तो चारों तरफ से या हुसैन की सदाएं आने लगीं। इसके बाद कोठी से ताजिए का जुलूस इमामबाड़ा कला पहुंचा। सुबह 9 बजे कर्बला में मौलाना हुसैन मेहंदी फैजाबाद, मौलाना शाहीन रजा जैदी, मौलाना कसीम हुसैन, मौलाना तफाकुर हुसैन आदि ने यौम-ए-आशूरा के आमाल कराए।

दोपहर एक बजे इमामबाड़ा कला में मजलिस हुई। मजलिस को मौलाना हुसैन मेहंदी फैजाबाद ने खिताब कर हजरत इमाम हुसैन और शोहदा-ए-कर्बला की शहादत को बयान किया। मजलिस के बाद ताजिये का जुलूस उठा जो अपने तय मार्ग से होता हुआ मुख्य चौराहे पर पहुंचा। मुख्य चौराहे पर ग्राम लाईखेड़ा, टांडा सादात, दुआवट, पनुआ लाड़पुर आदि गांवों के ताजिये भी मिल गए। जो या हुसैन की सदाओं के बीच कर्बला पहंचे और दफन किए गए। नवाबगंज और हाफिजगंज क्षेत्र में भी गमगीन माहौल में ताजिये दफन किए गए।

बहेड़ी में ताजियों का जुलूस निकलवाने के लिए सुबह से ही अधिकारी मुस्तैद रहे। नदेली, सकरस, परोही, मंडनपुर समेत दर्जनों गांवों के ताजिये कस्बे में पहुंचे। एसडीएम अजय कुमार उपाध्याय, सीओ डॉ. तेजवीर सिंह व इंस्पेक्टर श्रवण कुमार सिंह लगातार भ्रमण करते रहे।

मोहर्रम पर निकला ताजियों का जुलूस

आंवला। मोहर्रम की दस तारीख यौम- ए- अशूरा पर कस्बे में ताजियों का जुलूस निकाला गया। इस दौरान लोगो ने जगह-जगह हुसैनी सबीलें लगाकर शर्बत पिलाए। मोहल्ला खडंजा व गौसिया चौक के ताजियों का घंटाघर चौराहे पर शाम चार बजे मेल हुआ। देर शाम ताजिये घेर अन्नू खां स्थित कर्बला पहुंचे। यहां गमगीन माहौल में ताजियों को दफन किया गया। अलीगंज में कस्बे के अलावा खैलम देहजागीर, सूदनपुर, गैनी सहित अन्य गांव में जुलूस निकाला गया। सिरौली क्षेत्र में केसरपुर, शहबाजपुर, दस्तमपुर, हरदासपुर, रम्पुरा भोपतपुर, कल्याणपुर आदि गांवों में जुलूस निकाला गया। पुलिस सुरक्षा में ताजिये कर्बला पहुंचे। संवाद

यौमे आशूरा पर हुसैन की शहादत को किया याद

भुता। यौम-ए-आशूरा पर शनिवार को क्षेत्र के कई गांवों से जुलूस निकालकर ताजिये कर्बला में दफन किए गए। मुहर्रम के 10 वें दिन पैगंबर हजरत मोहम्मद के नवासे हजरत इमाम हुसैन की शहादत हुई थी। क्षेत्र में भुता फैज नगर, केसरपुर ,सिंघाई मुरावान में जुलूस निकाले गए। भोजीपुरा क्षेत्र में शांतिपूर्ण माहौल में मजहबी अकीदत के साथ जुलूस निकाले गए। या हुसैन की सदाओें के बीच अभयपुर केशोपुर, भोजीपुरा, धौंराटांडा, जादौंपुर, मझौआ गंगापुर, भैरपुरा खजुरिया, चौपारा, मियांपुर आदि गांवों में ताजिये के जुलूस निकले। संवाद


Connect News 24

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button